भोपाल की प्रचंड गर्मी में छात्रों का हाल-बेहाल! स्कूल में छुट्टी की ऐलान; सरकारी आदेश जारी

मध्य प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है.स्कूल जाने वाले छात्रों की तबीयत लगातार बिगड़ने के बाद स्कूलों में छुट्टी का ऐलान किया गया है. सरकार के इस फैसले से छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है.

ANI
Shanu Sharma

पूरे देश में गर्मी का कहर जारी है. इसी बीच एमपी में स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों के लिए भोपाल के जिला प्रशासन ने बड़ा ऐलान किया है. डीईओ कार्यालय ने आदेश जारी कर जिले के सभी सरकारी, निजी, अनुदान प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है. यह छुट्टी तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है.

जिला कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए कहा कि इस दौरान छात्रों को स्कूल आने की जरूरत नहीं होगी, लेकिन सभी शिक्षक अपने नियत समय पर विद्यालय में उपस्थित रहेंगे. प्रशासन का मानना है कि इस कदम से बच्चों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन जैसी स्वास्थ्य समस्याओं को रोका जा सकेगा.

तेजी से चढ़ रहा पारा 

भोपाल में शनिवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है.  इसी के साथ लगातार दूसरे दिन पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया. दिन की तेज धूप के साथ रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है, जिससे गर्मी का असर कम नहीं हो रहा है. दोपहर के समय तेज गर्म हवाओं के चलते सड़कों पर आवाजाही काफी कम नजर आई.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में भोपाल और आसपास के इलाकों में गर्मी से बड़ी राहत की संभावना कम है. मध्य प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है, जहां तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच रहा है. राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं ने पूरे प्रदेश में गर्मी का स्तर बढ़ा दिया है.

छोटे बच्चों को मिलेगी राहत

प्रशासन ने इस फैसले को बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया है. छोटी उम्र के बच्चे गर्मी में जल्दी थकान महसूस करते हैं और उन्हें डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक होता है. स्कूलों में दोपहर के समय कक्षाएं चलना उनके लिए जोखिम भरा हो सकता था. इसलिए केवल नर्सरी से 8वीं कक्षा तक के लिए ही अवकाश रखा गया है, जबकि उच्च कक्षाओं के छात्रों के लिए सामान्य रूप से पढ़ाई जारी रहेगी. अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को घर पर पर्याप्त पानी पिलाएं, हल्के कपड़े पहनाएं और दोपहर में बाहर निकलने से बचाएं.