बेंगलुरु में YS शर्मिला को पुलिस ने रोका, अपने ही परिवार के महल में जाने से क्यों किया मना? जानें पूरा विवाद
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में रविवार शाम उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष YS शर्मिला को पुलिस ने उनके पारिवारिक आवास में जाने से रोक दिया.
बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में रविवार शाम उस समय हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष YS शर्मिला को पुलिस ने उनके पारिवारिक आवास में जाने से रोक दिया. शर्मिला अपनी मां YS विजयम्मा, बेटे राजा रेड्डी और बहू प्रिया अत्रुली के साथ हैदराबाद से बेंगलुरु पहुंची थीं. उनका इरादा येलहंका स्थित परिवार के महलनुमा घर, जिसे 'येलहंका पैलेस' कहा जाता है, जाने का था. लेकिन पुलिस ने एयरफोर्स स्टेशन के पास ही उनके काफिले को रोक दिया.
पुलिस का कहना था कि अदालत ने शर्मिला को विवादित संपत्ति में प्रवेश करने से रोकने का आदेश दिया है. इस दौरान शर्मिला और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.
Also Read
पुलिस ने क्यों रोका शर्मिला का रास्ता?
पुलिस के मुताबिक, येलहंका की संपत्ति को लेकर YS शर्मिला और उनके भाई, पूर्व मुख्यमंत्री YS जगन मोहन रेड्डी के बीच विवाद चल रहा है. इसी मामले में अदालत ने अंतरिम आदेश जारी किया है, जिसके तहत शर्मिला, उनके परिवार और उनके प्रतिनिधियों को संपत्ति में प्रवेश करने या वहां किसी तरह का हस्तक्षेप करने से रोका गया है. पुलिस ने अदालत के आदेश का हवाला देते हुए शर्मिला को आगे जाने की अनुमति नहीं दी. इसके बाद वह शहर के एक निजी होटल चली गईं.
अपने घर जाने में क्या गलत है- शर्मिला
पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए शर्मिला ने सवाल किया कि आखिर उन्हें अपने ही परिवार के घर जाने से क्यों रोका जा रहा है? उनका कहना है कि यह परिवार की संपत्ति है और वहां जाने का उन्हें अधिकार है. शर्मिला ने दावा किया कि उन्हें अदालत के इस आदेश की जानकारी नहीं थी.
उन्होंने यह भी कहा कि जिस मामले में आदेश दिया गया है, उसमें उन्हें पक्षकार तक नहीं बनाया गया. उनका आरोप है कि येलहंका की संपत्ति उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत YS राजशेखर रेड्डी की पारिवारिक संपत्ति है, इसलिए उस पर उनका भी अधिकार बनता है.
जगन और शर्मिला के बीच संपत्ति को लेकर विवाद:
दूसरी तरफ, जगन मोहन रेड्डी का दावा है कि यह संपत्ति उन्होंने खुद खरीदी है और इसका मालिकाना हक उनके पास है. मामले में सिलिकॉन बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड ने भी अदालत में संपत्ति पर अपने कब्जे का दावा किया है. कंपनी का कहना है कि वह लीज समझौते के तहत वहां रह रही है और कुछ लोग उसके कब्जे में हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहे थे. इसी याचिका पर 21 नवंबर को देवणहल्ली की वरिष्ठ सिविल अदालत ने अंतरिम रोक लगाने का आदेश दिया था.
बेटी की शादी को लेकर भी बढ़ा था विवाद:
करीब एक महीने पहले शर्मिला ने अपनी बेटी अंजलि की शादी के समारोह के लिए येलहंका पैलेस इस्तेमाल करने की अनुमति जगन से मांगी थी. लेकिन जगन ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया था. अंजलि की सगाई 25 अक्टूबर को NRI एस. रघुरामी रेड्डी से हुई थी.
शर्मिला और जगन के बीच पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद साल 2021 से लगातार चर्चा में है. शर्मिला पहले भी आरोप लगा चुकी हैं कि उनके भाई ने परिवार की कई संपत्तियों पर अकेले नियंत्रण कर लिया है और उन्हें उनका हिस्सा नहीं दिया गया. फिलहाल येलहंका संपत्ति का मामला अदालत में है. ऐसे में आगे इस विवाद में क्या फैसला आता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है.