menu-icon
India Daily

फिर दहेज की सूली चढ़ी बहू! सास की क्रूरता से परेशान होकर महिला ने लगाई फांसी; जांच जारी

कर्नाटक के बल्लारी में 24 वर्षीय ऐश्वर्या ने कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. परिवार ने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
फिर दहेज की सूली चढ़ी बहू! सास की क्रूरता से परेशान होकर महिला ने लगाई फांसी; जांच जारी
Courtesy: Pinterest

बेल्लारी: कर्नाटक के बेल्लारी से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 24 साल की एक महिला ने कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने इस मामले में महिला के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

मृतका ऐश्वर्या अपने पति प्रदीप कुमार और सास के साथ बल्लारी में रहती थी. पुलिस के अनुसार प्रदीप कुमार पशुपालन विभाग में वेटरनरी डॉक्टर के पद पर कार्यरत है. दोनों ने प्रेम संबंध के बाद शादी की थी लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही घर में विवाद शुरू हो गया.

परिजनों ने क्या लगाया आरोप?

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ऐश्वर्या को उसकी सास द्वारा लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि ऐश्वर्या कई बार अपने पति से शिकायत करती थी, लेकिन प्रदीप कुमार ने कभी उसका साथ नहीं दिया. परिवार का कहना है कि सास के व्यवहार और पति के सहयोग न मिलने से वह लगातार तनाव में रहने लगी थी.

बताया जा रहा है कि हालात से परेशान होकर ऐश्वर्या अपने मायके लौट आई थी. वहीं उसने आत्महत्या कर ली. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के पीछे की वजहों का जिक्र किया है. हालांकि पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.

शुरुआती जांच में क्या आया सामने?

इस मामले में काम्पली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड नोट और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके.

हाल ही में हुई ऐसी घटना?

यह घटना हाल ही में चर्चा में आए ट्विशा शर्मा मामले के बाद सामने आई है. भोपाल में रहने वाली ट्विशा शर्मा की मौत को लेकर भी उसके परिवार ने पति और ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए थे. उस मामले ने भी देशभर में घरेलू हिंसा और मानसिक उत्पीड़न को लेकर बहस छेड़ दी थी.

फिलहाल बल्लारी पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि अगर जांच में और लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.