T20 World Cup 2026

वैलेंटाइन डे पर बेंगुलुरु में 19 साल की छात्रा के साथ गैंगरेप, विला में ड्रग्स देकर की गई दरिंदगी, दोस्त ने पार्टी के बहाने बुलाया

बेंगलुरु में एक 19 साल की स्टूडेंट ने आरोप लगाया है कि वैलेंटाइन डे पर एक प्राइवेट विला पार्टी में दो लड़कों ने उसे ड्रग्स देकर उसका यौन उत्पीड़न किया. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.

Pinterest
Km Jaya

बेंगलुरु: बेंगलुरु में वैलेंटाइन डे के दिन 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ कथित रूप से नशीला पदार्थ देकर गैंगरेप का मामला सामने आया है. पीड़िता निजी कॉलेज में मनोविज्ञान और पत्रकारिता की प्रथम वर्ष की छात्रा है और मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली है. वह बेंगलुरु में पीजी आवास में रह रही थी.

शिकायत के अनुसार छात्रा की एक महीने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक से पहचान हुई थी. दोनों के बीच नियमित रूप से चैट और फोन पर बातचीत होती रही. 14 फरवरी की रात वह एक दोस्त के साथ डिनर करने के बाद आरोपी द्वारा आयोजित एक निजी विला पार्टी में गई थी. वहां उसकी मुलाकात दूसरे युवक से कराई गई.

पीड़िता ने क्या लगाया आरोप?

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पार्टी के दौरान दोनों आरोपियों ने उसे गुलाबी रंग की नशीली गोली जबरन खिलाई. इसके बाद उसे चक्कर आने लगे, शरीर में गर्मी महसूस हुई और आंशिक रूप से होश खोने जैसी स्थिति बन गई.

पीड़िता के साथ और क्या - क्या हुआ?

आरोप है कि इसके बाद उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां अर्धचेतन अवस्था में उसके साथ बार-बार यौन उत्पीड़न किया गया. पीड़िता ने बताया कि विरोध करने के बावजूद आरोपियों ने उसके साथ गैंगरेप किया और उसके निजी अंगों को छुआ.

पहले क्यों नहीं दर्ज कराई शिकायत?

शिकायत में यह भी कहा गया है कि उसे कमरे में बंद रखा गया और घटना के बारे में किसी को बताने या पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी गई. डर और मानसिक आघात के कारण युवती तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सकी.

कुछ दिनों बाद उसने चिकित्सा उपचार लिया और अपने बड़े भाई को पूरी घटना की जानकारी दी. परिवार के सहयोग से उसने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने क्या लिया एक्शन?

पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर यौन उत्पीड़न, बार-बार दुष्कर्म और आपराधिक धमकी से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.