menu-icon
India Daily

आवारा कुत्तों ने नोच डाली 6 साल की मासूम बच्ची, शरीर पर आईं गंभीर चोटें, सामने आया खौफनाक वीडियो

बच्ची के रोने की आवाज सुनकर अन्य स्थानीय लोग भी वहां आ जाते हैं. अन्विता की आंख, हाथ, पैरों और कमर पर गंभीर चोट आई है और फिलहाल वह जिला अस्पताल में भर्ती है जहां उसका इलाज चल रहा है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
आवारा कुत्तों ने नोच डाली 6 साल की मासूम बच्ची, शरीर पर आईं गंभीर चोटें, सामने आया खौफनाक वीडियो
Courtesy: @dpkBopanna

कर्नाटक के विजयपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां बुधवार की सुबह कुत्तों के एक समूह ने  एक छ साल की बच्ची पर हमला कर दिया. बच्ची की पहचान अन्विता मल्लिकार्जुन शेट्टी के रूप में हुई है जिसकी  दांईं आंख पर गंभीर चोट आई है.

हमले का खौफनाक वीडियो आया सामने

इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें बच्ची हाथ में एक थैला लिए दुकान की ओर जाती दिखाई दे रही है, वह दुकानदार को उस थैले को थमाकर आगे की तरफ निकल जाती है, हालांकि वीडियो में दुकानदार दिखाई नहीं दे रहा है. जैसे ही वह सीढ़ियों से उतरकर आगे बढ़ती है, पास में खड़ा एक कुत्ता उस पर पीछे से हमला कर देता है, उसके बाद वहां कई सारे और कुत्ते भी आ जाते हैं और बच्ची को नोचना शुरू कर देते हैं. बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर एक महिला दुकान से बाहर निकलती है कुत्तों को भगा देती है और बच्ची को बचा लेती है.

बच्ची की आंख पर आई चोट

कुत्तों ने बच्ची की दाईं आंख को बुरी तरह से घायल कर दिया. इसके अलावा बच्ची के शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट आई हैं. अगर वह महिला उस बच्ची को बचाने में जरा भी देर कर देती तो पता नहीं कुत्ते बच्ची का क्या हाल करते.

बच्ची के रोने की आवाज सुनकर अन्य स्थानीय लोग भी वहां आ जाते हैं. अन्विता की आंख, हाथ, पैरों और कमर पर गंभीर चोट आई है और फिलहाल वह जिला अस्पताल में भर्ती है जहां उसका इलाज चल रहा है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि दो महीने पहले उसी क्षेत्र में एक कुत्ते ने एक लड़के पर हमला कर दिया था जिसमें उसे गंभीर चोटें आई थीं. इलाके में कुत्तों के बढ़ते हमलों ने लोगों को चिंता में डाल दिया है. स्थानीय लोग प्रशासन से आवारा कुत्तों को कंट्रोल करने के लिए त्वरित एक्शन लेने की मांग कर रहे हैं.