बेंगलुरु में एक बार फिर से चौकानी वाली घटना सामने आई है. कोथनूर थाना क्षेत्र के भारतीया सिटी स्थित हाई-राइज अपार्टमेंट में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर दंपति ने आत्महत्या कर ली. इस घटना ने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला सुसाइड पैक्ट का लग रहा है, जिसमें पति ने पहले फांसी लगाकर जान दी और पत्नी ने सदमे में आकर बिल्डिंग की ऊंची मंजिल से छलांग लगा दी.
यह घटना बेंगलुरु के भारतीया सिटी के निकू होम्स 1 अपार्टमेंट के टावर 6 में घटी. पुलिस के अनुसार, 8वीं मंजिल के फ्लैट में भानु चंदर रेड्डी उर्फ बाबू रेड्डी का शव फंदे पर लटका मिला. वहीं उनकी पत्नी शाजिया ने जब पति को इस हालत में देखा तो सदमे से भर गईं और 17वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी.
आईटी सीटी के इस हाई-राइज बिल्डिंग में बड़ी संख्या में आईटी प्रोफेशनल्स रहते हैं. घटना की सूचना मिलते ही अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय निवासी सन्न रह गए. पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया. मृतक भानु चंदर रेड्डी तेलंगाना के सिद्धिपेट जिले के रहने वाले थे, जबकि उनकी पत्नी शाजिया तेलंगाना के मेडक जिले की निवासी थीं.
दोनों निजी कंपनियों में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे. शाजिया आईबीएम जैसी प्रतिष्ठित कंपनी से जुड़ी बताई जा रही हैं. दोनों करीब 9 साल से साथ थे और शादी से पहले लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे थे. दोनों के परिवारों को घटना की सूचना दे दी गई है. परिवार के सदस्य बेंगलुरु पहुंच रहे हैं.
भानु चंदर रेड्डी के रिश्तेदार मणि चंदर रेड्डी और शाजिया के पिता मोहम्मद सिराज ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं. कोथनूर पुलिस ने दोनों मौतों के लिए अलग-अलग अननेचुरल डेथ रिपोर्ट दर्ज की हैं. शुरुआती जांच में पता चला है कि दंपति के बीच लंबे समय से वैवाहिक तनाव चल रहा था. शादी के बाद दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. सूत्रों के मुताबिक, रिश्ते में खटास आने के बाद तनाव बढ़ता गया, जो अंततः इस दुखद परिणति का कारण बन सकता है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या भानु चंदर रेड्डी किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे थे. मेडिकल रिकॉर्ड और करीबियों से पूछताछ जारी है.