रांची: रांची से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
यह मामला सोनाहातू थाना क्षेत्र के लापुंगडीह गांव का है, जहां सोमवार को यह वारदात हुई. पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 35 वर्षीय गांगी देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पति चित्रंजन सिंह मुंडा बताया जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो धीरे-धीरे हिंसक रूप ले बैठा. गुस्से में आकर आरोपी ने लोहे की रॉड उठाई और अपनी पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले की गंभीरता इतनी ज्यादा थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हत्या करने के बाद से ही आरोपी फरार हो गया. आसपास के लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स अस्पताल भेज दिया. साथ ही घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है.
सोनाहातू थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और एफआईआर दर्ज कर जांच जारी है.
स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. कई बार पड़ोसियों ने दोनों को समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ. सोमवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जो अचानक हिंसा में बदल गई. घरेलू विवाद के चलते इस तरह की हत्या ने समाज में बढ़ती हिंसा और गुस्से पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरु की जाएगी.