लोन विवाद को लेकर कार के बोनट पर 500 मीटर तक घिसटता रहा एक आदमी; जानें मामला
कर्नाटक के मैसूरु में कर्ज के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति को कार के बोनट पर करीब 500 मीटर तक घसीटा गया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
मैसूरु: कर्ज के पैसों को लेकर हुआ विवाद ऐसा बढ़ा कि एक शख्स की जान पर बन आई. कर्नाटक के मैसूर में एक हैरान करने वाली घटना कैमरे में कैद हुई, जहां एक व्यक्ति को चलती कार के बोनट पर करीब 500 मीटर तक घसीटा गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
जानकारी के मुताबिक महादेव नाम के व्यक्ति ने धनंजय नाम के शख्स को कुछ पैसे उधार दिए थे. जब महादेव ने अपने पैसे वापस मांगे तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि स्थिति तनाव पूर्ण हो गई.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद धनंजय अपनी लाल रंग की मारुति सुजुकी बलेनो कार लेकर वहां से निकलने लगा. इसी दौरान महादेव ने उसे रोकने की कोशिश की और कार के सामने जाकर बोनट पर चढ़ गया. लेकिन कार रोकने के बजाय चालक ने गाड़ी तेज रफ्तार में दौड़ा दी.
वीडियो में क्या दे रहा दिखाई?
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि महादेव कार के बोनट को कसकर पकड़कर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहा है, जबकि कार व्यस्त सड़क पर तेजी से दौड़ रही है. यह घटना अंदोलन सर्किल के पास स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस से लेकर कुवेंपुनगर पुलिस स्टेशन रोड तक की बताई जा रही है.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में गुस्सा है और सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे बेहद खतरनाक और गैरजिम्मेदाराना हरकत बताया है. कई लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में मामला कर्ज के पैसों के विवाद से जुड़ा बताया गया है. पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और घटना की पूरी सच्चाई पता लगाने की कोशिश में जुटी हुई है.