बेटी ने दिखाया गूगल ऑफिस, माता-पिता की चेहरे की मुस्कान ने लाखों लोगों को किया भावुक; वीडियो हुआ वायरल

गूगल की कर्मचारी नेहा शर्मा अपने माता पिता और भाई को पहली बार बेंगलुरु स्थित गूगल ऑफिस लेकर गईं. गेम जोन, भोजन और परिवार के साथ बिताए गए खास पलों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

@nehaanoop.official Instagram Account
Km Jaya

बेंगलुरु: बेंगलुरु स्थित गूगल कार्यालय का एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक महिला कर्मचारी अपने माता पिता और भाई को पहली बार गूगल के ऑफिस घुमाने ले जाती है. परिवार के साथ बिताए गए इस खास दिन ने इंटरनेट पर लोगों का दिल जीत लिया है. वीडियो को देखने के बाद कई लोगों ने इसे गर्व, प्यार और परिवार के खूबसूरत रिश्ते की मिसाल बताया है.

गूगल कर्मचारी नेहा शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह वीडियो साझा किया. उन्होंने बताया कि यह पहली बार था जब उनके माता पिता और भाई ने गूगल के बेंगलुरु कार्यालय को करीब से देखा. इस पूरे दिन के दौरान परिवार ने ऑफिस के अलग अलग हिस्सों का आनंद लिया और साथ में कई यादगार पल बिताए.


नेहा ने क्या बताया?

वीडियो की शुरुआत ऑफिस के गेम जोन से होती है. यहां नेहा के पिता कैरम खेलते नजर आते हैं. नेहा ने बताया कि उन्होंने अपने पिता को कई वर्षों से कैरम खेलते नहीं देखा था, लेकिन पहली ही चाल में उन्होंने बेहद शानदार शॉट लगाया. यह देखकर पूरा परिवार खुश हो गया और वहां मौजूद लोग भी मुस्कुराने लगे.

इसके बाद परिवार ने ऑफिस की अन्य सुविधाओं का भी आनंद लिया. उन्होंने अलग अलग गतिविधियों में हिस्सा लिया और साथ समय बिताया. नेहा ने कहा कि उस दिन उनके पिता के भीतर का बच्चा जैसे फिर से जाग उठा था. पूरे समय उनके चेहरे पर उत्साह और खुशी साफ दिखाई दे रही थी.

दिन भर उनलोगों ने क्या-क्या किया?

दिन भर घूमने और खेलने के बाद परिवार ने गूगल के कैफेटेरिया में साथ बैठकर भोजन किया. इस दौरान नेहा की मां गर्म लाटे का आनंद ले रही थीं, जबकि उनके पिता ने ठंडी कॉफी चुनी. नेहा ने इस पल को बेहद प्यारा बताते हुए कहा कि माता पिता के चेहरे की मुस्कान उनके लिए सबसे खास याद बन गई.

वीडियो को फैमिली टाइम एट गूगल ऑफिस कैप्शन के साथ साझा किया गया. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. हजारों लोगों ने इसे पसंद किया और परिवार के इस खास पल की सराहना की.

वीडियो पर लोगों ने क्या दी प्रतिक्रिया?

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने लिखा कि यह बहुत प्यारा पल है. दूसरे यूजर ने इसे जीवन का सपना बताया. वहीं कई लोगों ने कहा कि जब माता पिता अपने बच्चों की मेहनत और उपलब्धियों को अपनी आंखों से देखते हैं तो वह पल उनके लिए सबसे बड़ा गर्व बन जाता है. यह वीडियो इसी भावना को खूबसूरती से दिखाता है.