menu-icon
India Daily

बेंगलुरु में दिख रहा FIFA Fever का असर, 03:30 बजे तक खुले रहेंगे रेस्टोरेंट-पब

फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को देखते हुए बेंगलुरु पुलिस ने 14, 15 और 19 जुलाई को होटल और रेस्टोरेंट सुबह 3.30 बजे तक खुले रखने की अनुमति दी है.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
बेंगलुरु में दिख रहा FIFA Fever का असर, 03:30 बजे तक खुले रहेंगे रेस्टोरेंट-पब
Courtesy: AI

फीफा विश्व कप 2026 के रोमांचक मुकाबलों के बीच बेंगलुरु में फुटबॉल प्रेमियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है. देर रात होने वाले सेमीफाइनल और फाइनल मैचों को ध्यान में रखते हुए शहर के होटल और रेस्टोरेंट सामान्य समय से ज्यादा देर तक खुले रह सकेंगे. हालांकि इसके साथ पुलिस ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई जरूरी नियम भी लागू किए हैं, जिनका पालन सभी आयोजकों को करना होगा.

सुबह 3.30 बजे तक खुलेंगे रेस्टोरेंट 

बेंगलुरु पुलिस आयुक्त ने विशेष आदेश जारी करते हुए 14, 15 और 19 जुलाई को शहर के होटल और रेस्तरां को सुबह 3.30 बजे तक खोलने की अनुमति दे दी गई है. सामान्य दिनों में ये रेस्टोरेंट रात 1 बजे तक ही होता खुले रहते हैं. यह फैसला देर रात होने वाले फीफा विश्व कप मुकाबलों को ध्यान में रखकर लिया गया है.

रेस्तरां संघ के अनुरोध पर लिया गया फैसला

नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से संचालन समय बढ़ाने का अनुरोध किया गया था. इसके बाद कर्नाटक पुलिस अधिनियम के प्रावधानों के तहत यह अनुमति दी गई. पुलिस का कहना है कि दर्शकों की सुविधा और शहर में कानून व्यवस्था दोनों को संतुलित रखते हुए यह निर्णय लिया गया है.

लाइव स्क्रीनिंग के लिए सख्त नियम

पुलिस ने होटल, पब, क्लब, बार और रेस्तरां के लिए अलग से दिशा निर्देश जारी किए हैं. लाइव स्क्रीनिंग केवल परिसर के भीतर ही की जा सकेगी. सार्वजनिक सड़कों की ओर एलईडी स्क्रीन या तेज ध्वनि वाले उपकरण लगाने की अनुमति नहीं होगी. आयोजन से पहले संबंधित अधिकारियों की मंजूरी लेना भी अनिवार्य रहेगा.

सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर

दिशा निर्देशों में किसी भी प्रकार की सट्टेबाजी, चाहे वह ऑनलाइन हो या ऑफलाइन, पूरी तरह प्रतिबंधित की गई है. यदि किसी कार्यक्रम में कलाकार, डीजे या अन्य विशेष मेहमान शामिल हों तो इसकी सूचना पहले से पुलिस को देनी होगी. पार्किंग व्यवस्था परिसर के भीतर ही करनी होगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देनी होगी.

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्यवाही

बेंगलुरु पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी आयोजन के दौरान कानून व्यवस्था प्रभावित होती है या दिशा निर्देशों का उल्लंघन पाया जाता है तो आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह आदेश 14 जुलाई से 20 जुलाई तक प्रभावी रहेगा. पुलिस का उद्देश्य फुटबॉल प्रशंसकों को बेहतर अनुभव देना और शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है.