menu-icon
India Daily

IND vs ENG: 6 विकेट से इंग्लैंड ढेर, T20 के बाद भारत का जोरदार पलटवार; ये खिलाड़ी रहे जीत के 5 सबसे बड़े हीरो

भारत ने पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभागों में टीम का संतुलित प्रदर्शन देखने को मिला. पांच खिलाड़ियों ने जीत में सबसे अहम भूमिका निभाई.

Meenu Singh
Edited By: Meenu Singh
IND vs ENG: 6 विकेट से इंग्लैंड ढेर, T20 के बाद भारत का जोरदार पलटवार; ये खिलाड़ी रहे जीत के 5 सबसे बड़े हीरो
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: भारतीय टीम ने T20 सीरीज में मिली करारी शिकस्त का बदला वनडे क्रिकेट में ले लिया है. शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने इंग्लिश टीम को उनके ही घर पर 6 विकेट से मात दी. इस दौरे पर भारत की यह पहली जीत रही. इस जीत के साथ भारत का आत्मविश्वास भी लौटा है.  

शुरुआती झटकों के बावजूद टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल किया. गेंदबाजों ने पहले इंग्लैंड को बड़े स्कोर से रोका, फिर बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी निभाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया. इस जीत में पांच खिलाड़ियों का योगदान सबसे ज्यादा रहा.

शुभमन गिल ने संभाली पारी

कप्तान शुभमन गिल ने मुश्किल समय में टीम की जिम्मेदारी संभाली और एक कप्तानी पारी खेल टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला. रोहित शर्मा और विराट कोहली के जल्दी आउट होने के बाद उन्होंने धैर्य और आक्रामकता का शानदार संतुलन दिखाया. गिल ने 75 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा. हालांकि चोट के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा, लेकिन उनकी पारी ने जीत की मजबूत नींव रख दी.

अक्षर पटेल बने मैच विनर

ऑलराउंडर अक्षर पटेल इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में सबसे बड़े मैच विनर रहे. उन्होंने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 4 विकेट लेकर इंग्लैंड की पारी को बड़ा स्कोर बनाने से रोका. इसके बाद लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद 57 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया. उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

वाशिंगटन सुंदर ने निभाई अहम भूमिका

वाशिंगटन सुंदर ने गेंदबाजी में किफायती प्रदर्शन किया और चार ओवर में केवल 13 रन दिए. बल्लेबाजी में उन्होंने दबाव के बीच संयम दिखाते हुए नाबाद 52 रन बनाए. उनकी पारी ने भारत की जीत को पूरी तरह सुरक्षित बना दिया और मध्यक्रम को मजबूती प्रदान की.

बुमराह और गुरनूर ने तोड़ी इंग्लैंड की कमर

जब सारे खिलाड़ी मैच में अपना योगदान दे रहे हों तो यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह कैसे पीछे रह सकते हैं. उन्होंने अपनी सटीक गेंदबाजी से इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. उन्होंने कप्तान हैरी ब्रूक का महत्वपूर्ण विकेट लिया और नौ ओवर में सिर्फ 31 रन दिए. 

वहीं युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर इंग्लैंड की शुरुआत बिगाड़ दी. उनकी गेंदबाजी ने मेजबान टीम को शुरुआत से ही बैकफुट पर धकेल दिया.