बेंगलुरु: बेंगलुरु पुलिस ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के 25 साल के एक युवक को संदिग्ध गतिविधियों के आरोप में हिरासत में लिया है. पुलिस का दावा है कि युवक का संबंध आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP से था और वह पाकिस्तान जाकर हमले की साजिश रच रहा था.
पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम असफूल मलिक है. वह पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नाओपारा गांव का रहने वाला है. पिछले कुछ महीनों से वह बेंगलुरु के जिगानी इलाके में APC सर्कल के पास रह रहा था. दिसंबर 2025 से वह जिगानी इंडस्ट्रियल एरिया में टाटा एडवांस्ड लिमिटेड कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था. पुलिस को बोम्मासंद्रा इंडस्ट्रियल एरिया में गश्त के दौरान एक बंगाल निवासी की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली थी. इसी आधार पर पुलिस ने असफूल से पूछताछ की.
पूछताछ में असफूल ने कथित तौर पर बताया कि वह पाकिस्तान में मुस्लिमों पर हो रहे अत्याचारों से नाराज था. उसने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना मस्जिदों और आम नागरिकों पर हमले कर रही है. वह इजरायल-फिलिस्तीन मुद्दे पर पाकिस्तान के रुख से भी नाराज था.
पुलिस का कहना है कि असफूल की मुलाकात फेसबुक पर इमरान हैदर नाम के एक व्यक्ति से हुई थी. बताया जा रहा है कि इमरान अफगानिस्तान में रहता है और उसका संबंध TTP से है. इसी के उकसावे पर असफूल पाकिस्तान सेना के खिलाफ बदले की कार्रवाई और भारत में भी हमले की योजना बना रहा था. पुलिस के मुताबिक आरोपी को ये भी कहा गया था कि अगर भारत में मुस्लिमों को कोई दिक्कत हो तो वह बदला ले.
जांच में सामने आया कि असफूल अफगानिस्तान जाना चाहता था और वहां TTP में शामिल होकर ट्रेनिंग लेना चाहता था. उसका मकसद पाकिस्तान आर्मी के खिलाफ लड़ना था. पुलिस ने कहा कि आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की जा रही है. उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
बेंगलुरु पुलिस ने औद्योगिक इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है. जिगानी और बोम्मासंद्रा जैसे इलाकों में रहने वाले बाहर के राज्यों से आए मजदूरों और कर्मचारियों की भी जांच हो रही है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभी तक असफूल के पास से कोई हथियार या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है.