बेंगलुरु में स्कूल वैन हादसे में 5 साल की बच्ची की मौत, जन्मदिन से पहले दिल दहला देने वाली घटना
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके दासनपुरा में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. इस हादसे में मात्र 5 साल की एक नन्ही बच्ची की जान चली गई.
दासनपुरा: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के बाहरी इलाके दासनपुरा में बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. इस हादसे में मात्र 5 साल की एक नन्ही बच्ची की जान चली गई. मृतक बच्ची का नाम तनिषा है. वह किशोर और मधु दंपति की बेटी थी. बच्ची अपनी मां के साथ स्कूल के बाहर खड़ी थी. वे अपनी 7 साल की बड़ी बेटी कनिका को स्कूल से लेने आई थीं.
दोनों मां-बेटी स्कूल गेट के बाहर इंतजार कर रही थीं. इसी दौरान छोटी तनिषा अचानक आगे की तरफ दौड़ गई और उसी समय वहां से गुजर रही स्कूल वैन के सामने आ गई. वैन की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव:
परिवार इस घटना से बेहद सदमे में है. सबसे दुखद बात यह है कि तनिषा अगले शुक्रवार को अपना 6वां जन्मदिन मनाने वाली थी. लेकिन जन्मदिन से ठीक पहले यह हादसा हो गया, जिससे पूरा परिवार सदमे में है. घटना की सूचना मिलते ही चिक्काबनवारा ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने पूरा घटनास्थल देखा और जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा कैसे हुआ और इसमें किसी की लापरवाही तो नहीं थी. बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नेलमंगला सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है.