रांची में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में अब तक हुए काम की विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति देखी गई. बैठक में दावा-आपत्ति की सुनवाई, नोटिस बांटने, प्रपत्रों के निपटारे और BLO के घर-घर पहुंचने जैसे कार्यों पर चर्चा हुई. अधिकारियों को तय समयसीमा के अंदर लंबित प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से कहा कि दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों की सुनवाई समय पर पूरी हो. नोटिस वितरण में देरी नहीं होनी चाहिए. जमा किए गए प्रपत्रों का सत्यापन करने के बाद जो मामले लंबित हैं, उनका जल्द निपटारा सुनिश्चित करने को कहा गया. प्रशासन का जोर SIR के हर चरण को निर्धारित समय के भीतर पूरा करने पर है.
बैठक में BLO की जिम्मेदारियों पर भी विशेष जोर दिया गया. अधिकारियों ने निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं तक पहुंचकर प्रपत्र-6 और प्रपत्र-8 से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी कराई जाए. 25 अगस्त से 4 सितंबर तक BLO घर-घर जाकर मतदाताओं से संबंधित जानकारी का सत्यापन करेंगे. इसी दौरान फैमिली टुगेदर स्टिकर लगाने का काम भी पूरा किया जाना है.
बैठक में BLO की ओर से BLA-2 को प्रपत्र-9, 10, 11, 11ए और 11बी उपलब्ध कराने की स्थिति की भी समीक्षा हुई. प्रशासन ने पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए. क्षेत्र में सामने आने वाली समस्याओं की जानकारी लेकर उनका समाधान तेजी से करने को कहा गया. अधिकारियों को SIR की प्रगति पर लगातार नजर रखने की जिम्मेदारी भी दी गई.
उपायुक्त ने कहा कि SIR से जुड़े सभी कार्यों की लगातार निगरानी जरूरी है. बैठक में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में चल रही गतिविधियों की स्थिति देखी गई और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाने को कहा गया. खासतौर पर घर-घर सत्यापन, नोटिस वितरण और लंबित प्रपत्रों के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर रहा. प्रशासन अब तय कार्यक्रम के अनुसार पुनरीक्षण प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा.