menu-icon
India Daily

झारखंड में पुलिस-प्रदर्शनकारी टकराव को लेकर 28 नामजद, 900 से ज्यादा अज्ञात पर FIR दर्ज

 झारखंड में नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच टकराव के बाद गिरिडीह और हजारीबाग में तीन FIR दर्ज की गई हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
झारखंड में पुलिस-प्रदर्शनकारी टकराव को लेकर 28 नामजद, 900 से ज्यादा अज्ञात पर FIR दर्ज
Courtesy: X

झारखंड में नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच हुए टकराव के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. गिरिडीह और हजारीबाग में दर्ज तीन FIR में 28 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 900 से अधिक लोगों को अज्ञात आरोपी बनाया गया है.

गिरिडीह में दो मुकदमे, 230 से ज्यादा आरोपी

गिरिडीह टाउन थाने में दो अलग-अलग FIR दर्ज हुई हैं. पहली शिकायत ABVP कार्यकर्ता अनिश राय की ओर से दी गई, जबकि दूसरी FIR सदर सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह की शिकायत पर दर्ज की गई.

पुलिस के मुताबिक, पहली FIR में JMM नेताओं और कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है. इसमें पार्टी के जिला अध्यक्ष संजय सिंह समेत 11 लोगों के नाम शामिल हैं, जबकि 20 अन्य को अज्ञात बताया गया है. दूसरी FIR में करीब 10 लोगों को नामजद किया गया है और लगभग 200 अज्ञात लोगों का उल्लेख है.

हजारीबाग में सरकारी काम में बाधा का आरोप

हजारीबाग में भी एक FIR दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, मामला सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ कथित मारपीट से जुड़ा है. यह कार्रवाई सदर CO आशुतोष कुमार की शिकायत के आधार पर की गई.

रांची में भी पहले दर्ज हो चुकी हैं FIR

इससे एक दिन पहले रांची के कोतवाली थाने में भी तीन FIR दर्ज की गई थीं. इनमें 14 नामजद और 200 अज्ञात लोगों पर सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस से कथित टकराव के आरोप लगाए गए थे.