झारखंड के धनबाद में शनिवार दोपहर जमीन धंसने की घटना से कामिनी कल्याण बस्ती में हड़कंप मच गया. बंद झरिया आरएसपी कॉलेज के पास अचानक तेज आवाज के साथ जमीन का एक हिस्सा धंस गया. इसके चलते आसपास बने करीब एक दर्जन घरों की दीवारों में दरारें आ गईं. घ
टना के बाद लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे. जमीन-धंसान की वजह से बस्ती में रहने वाले लोगों के बीच भय का माहौल है. लोगों को आशंका है कि जमीन का धंसाव आगे भी बढ़ सकता है और इससे अन्य घर भी प्रभावित हो सकते हैं.
जमीन धंसने का असर बस्ती की जलापूर्ति व्यवस्था पर भी पड़ा. भू-धंसान के कारण कई घरों की भूमिगत पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई. इसके चलते इलाके में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद माइंस रेस्क्यू की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और जमीन धंसने के कारणों की जांच शुरू की. घटना से नाराज स्थानीय लोग झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. लोगों ने सड़क पर खड़े होकर यातायात रोक दिया. इससे मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ.
अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत की. अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और जल्द जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिया. मेयर संजीव सिंह ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के घर असुरक्षित हुए हैं, उन्हें सुरक्षित स्थान पर बसाने की व्यवस्था की जाएगी. प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की टीम अब स्थिति पर नजर बनाए हुए है.