menu-icon
India Daily

झारखंड के रामगढ़ में ट्रक और पैसेंजर गाड़ी की टक्कर में 7 लोगों की मौत, 1 घायल

झारखंड के रामगढ़ जिले में कोयले से लदे एक ट्रक की यात्री गाड़ी से टक्कर होने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल व्यक्ति को शुरुआती इलाज के बाद रांची रेफर कर दिया गया.

Shilpa Shrivastava
झारखंड के रामगढ़ में ट्रक और पैसेंजर गाड़ी की टक्कर में 7 लोगों की मौत, 1 घायल
Courtesy: Social Media

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. नेशनल हाईवे-23 पर लारी-बारलौंग इलाके में कोयला लदे एक ट्रक की पैसेंजर गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.

हादसा राजरप्पा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुआ. ट्रक की स्पीड ज्यादा थी और ओवरटेकिंग करते समय यह पैसेंजर गाड़ी से टकरा गया. टक्कर इतनी तेज थी कि पैसेंजर गाड़ी पूरी तरह से बर्बाद हो गई. मृतक एक बैंड पार्टी के सदस्य थे. वे हजारीबाग के बेलसागरा से कार्यक्रम करके वापस लौट रहे थे. हादसा रात करीब 12 बजे हुआ.

8 लोगों को ले जाया गया अस्पताल:

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि 8 लोगों को अस्पताल लाया गया. इनमें से 7 की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. एक घायल व्यक्ति के सिर में चोट आई है. उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उसे रांची रेफर कर दिया गया है.

लोगों का फूटा गुस्सा:

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और मृतकों के परिजनों ने नेशनल हाईवे-23 को जाम कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि लारी-बारलौंग का यह हिस्सा हादसों का गढ़ बन चुका है. यह 4 दिनों के अंदर दूसरा बड़ा हादसा है, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए हैं. पुलिस और प्रशासन ने लोगों से बात की और आश्वासन दिया है कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी. रामगढ़ एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि जांच चल रही है और जल्द ही पूरी जानकारी दी जाएगी.