झारखंड: झारखंड के हजारीबाग और बोकारो ट्रेजरी गबन कांड में सीआईडी ने अपनी जांच पूरी कर ली है. दोनों मामलों में अलग-अलग चार्जशीट विशेष अदालत में दाखिल कर दी गई है. सीआईडी के विशेष न्यायाधीश कुलदीप की अदालत में पेश की गई चार्जशीट में हजारीबाग मामले में 6 और बोकारो मामले में 4 लोगों को आरोपी बनाया गया है. सभी आरोपी फिलहाल जेल में हैं.
सीआईडी ने इन मामलों में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र, सरकारी पैसे के गबन और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. अब विशेष अदालत चार्जशीट पर संज्ञान लेकर आगे की कार्रवाई करेगी.
हजारीबाग ट्रेजरी से जुड़े मामले में सीआईडी ने कांस्टेबल शंभु कुमार, कांस्टेबल रजनीश कुमार सिंह (पंकज सिंह), कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह, सौरभ कुमार सिंह, खुशबू सिंह और काजल कुमारी को आरोपी बनाया है. जांच रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधीक्षक कार्यालय हजारीबाग के डीडीओ कोड का गलत इस्तेमाल करके लगभग 10 साल तक सरकारी पैसे की अवैध निकासी की गई.
शुरुआती जांच में दो बैंक खातों से 15.41 करोड़ रुपये गबन होने का पता चला था. बाद में विस्तृत जांच में 21 बैंक खातों के जरिए कुल 27 से 28 करोड़ रुपये की हेराफेरी सामने आई. आरोप है कि सरकारी रिकॉर्ड और कंप्यूटर डेटा में बदलाव करके फर्जी बिल तैयार किए गए. इन फर्जी बिलों के आधार पर पैसे अलग-अलग बैंक खातों में भेजे गए और फिर निकाल लिए गए. इस पूरे घोटाले में कंप्यूटर सिस्टम का दुरुपयोग किया गया.
बोकारो मामले में सीआईडी ने कौशल कुमार पांडेय, होमगार्ड सतीश कुमार (सतीश कुमार सिंह), एएसआई अशोक कुमार भंडारी और कांस्टेबल काजल कुमार मंडल को आरोपी बनाया है. जांच में पता चला कि बोकारो पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लेखाकार के पद पर तैनात कौशल कुमार पांडेय ने सेवानिवृत्त पुलिस अवर निरीक्षक उपेंद्र सिंह के वेतन रिकॉर्ड में हेराफेरी की. उन्होंने उपेंद्र सिंह की जगह अपनी पत्नी अन्नू पांडेय के बैंक खाते में वेतन भेजवाया. बाद में ज्यादातर रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली. इस तरीके से करीब 4.29 करोड़ रुपये का सरकारी पैसा गबन करने का आरोप है.
इसके अलावा ईडी ने रांची के रिम्स जमीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी एक्शन लिया है. ईडी ने पांच मौजों की जमीन की रजिस्ट्री और म्यूटेशन पर रोक लगा दी है. इनमें बड़गाईं अंचल के मोरहाबादी, बरियातू, कोकर, तिरिल और कांके अंचल के सांगा मौजा शामिल हैं.