रजरप्पा मंदिर जा रहे परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, सड़क हादसे में 4 बच्चों समेत 13 की गई जान
झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना हाईवे पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ.
Jharkhand Road Accident: झारखंड के रामगढ़ जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. रांची-पटना हाईवे पर स्कॉर्पियो और एक अज्ञात वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार मासूम बच्चे भी शामिल हैं. गाड़ी में सवार सभी लोग बिहार के नालंदा जिले से रामगढ़ के रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए निकले थे. इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है.
मंदिर पहुंचने से पहले ही खत्म हो गया सफर
जानकारी के मुताबिक, नालंदा जिले के जांघारों गांव के 14 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर रजरप्पा मंदिर जा रहे थे. शनिवार देर रात करीब दो बजे उनकी गाड़ी रामगढ़ के पैंकी इलाके में एनएच-33 पर पहुंची. इसी दौरान स्कॉर्पियो की एक अज्ञात वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
चार बच्चों और चार महिलाओं की भी मौत
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं. एक ही गाड़ी में सवार इतने लोगों की मौत से उनके गांव और परिवारों में मातम छा गया है. सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे. मंदिर में दर्शन करने की उनकी यात्रा इस भीषण हादसे के साथ हमेशा के लिए खत्म हो गई.
Also Read
टक्कर के बाद मच गई चीख-पुकार
हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. टक्कर के बाद स्कॉर्पियो की हालत देखकर दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया.
एकमात्र घायल की हालत गंभीर
स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे. हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है. घायल को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है.
आधार कार्ड से हुई मृतकों की पहचान
रामगढ़ पुलिस ने हादसे में 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है. रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि सभी मृतक बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले थे. उनके पास मिले आधार कार्ड की मदद से कुछ लोगों की पहचान की गई है. हादसे के बाद पुलिस मृतकों की पहचान और दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है.