रांची: झारखंड के गढ़वा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां एक 25 वर्षीय युवक साकेत केशरी पर अपनी ही गर्भवती जीवनसंगिनी की सुनियोजित तरीके से हत्या के प्रयास का गंभीर आरोप लगा है. पुलिस के अनुसार, यह पूरी साजिश तब शुरू हुई जब पिछले सप्ताह आरोपी की 23 वर्षीय साथी, जो 8 महीने की गर्भवती है, ने उससे गोलगप्पे खाने की इच्छा जताई. साकेत गोलगप्पे लेकर आया, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि उसमें जहर मिला हुआ था. इसे खाने के कुछ ही देर बाद महिला की स्थिति बिगड़ने लगी और उसे खून की उल्टियां होने लगीं.
जब महिला की हालत नाजुक होने लगी, तो साकेत ने उसे अस्पताल ले जाने का झांसा दिया. वह उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर पास के बैरिया जंगल में ले गया. पीड़िता की शिकायत के अनुसार, वहां साकेत ने अपनी असलियत दिखाई और उस पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने उसका गला घोंटने की कोशिश की और बेरहमी से मारपीट की, जिससे महिला की आंखों के पास गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गई.
होश आने पर महिला ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पूरी रात डर के साये में जंगल के एक सुदूर हिस्से में छिपी रही. अगली सुबह वह घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई. पुलिस जांच में पता चला कि दोनों पिछले छह साल से रिश्ते में थे और उनका एक बच्चा भी है. ग्रामीणों के विरोध के कारण वे पहले अलग हो गए थे, लेकिन साकेत ने शादी का वादा कर उसे दोबारा अपने झांसे में ले लिया था.
रामकंडा थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर तत्काल प्राथमिकी (FIR) दर्ज की. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर साकेत केशरी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जहर देने, हमले और हत्या के प्रयास के आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है.