झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाली हत्या की घटना सामने आई है. बड़ैला गांव में झाड़-फूंक करने पहुंचे 42 वर्षीय पुजारी की कथित तौर पर उसी युवक ने हत्या कर दी, जिसके इलाज के लिए वह उसके घर गया था. घटना बुधवार तड़के की बताई जा रही है. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
ग्रामीणों के अनुसार, 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया पिछले कुछ दिनों से असामान्य व्यवहार कर रहा था. परिवार के लोग उसे ठीक कराने के लिए झाड़-फूंक का सहारा ले रहे थे. इसी सिलसिले में मंगलवार रात पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया समेत गांव के कुछ लोग पोंडे राम के घर पहुंचे थे. वहां पूजा-पाठ और झाड़-फूंक की प्रक्रिया पूरी की गई. पूजा समाप्त होने के बाद गांव के ज्यादातर लोग अपने घर लौट गए. हालांकि पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा मुखी राम अंगरिया रात में पोंडे राम के घर ही रुक गए.
जानकारी के मुताबिक, पुजारी और डाकुवा मुखी राम अंगरिया जिस कमरे में सोए थे, उसी कमरे में पोंडे राम भी मौजूद था. पुलिस और ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तड़के करीब साढ़े चार बजे पोंडे राम अचानक उठा और सो रहे पुजारी पर चाकू से हमला कर दिया. हमले के बाद वह वहां से फरार हो गया. डाकुवा मुखी राम अंगरिया को जब घटना का पता चला तो उन्होंने इसकी जानकारी गांव के मुंडा गोमा अंगरिया और पुलिस को दी.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ैला गांव में हड़कंप मच गया. सुबह-सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए. सूचना मिलने के बाद गोईलकेरा पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी जुटाई. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया गया.
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी पोंडे राम फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर अभी जांच जारी है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी के पकड़े जाने के बाद वारदात की पूरी वजह सामने आने की उम्मीद है.