फरीदाबाद: फरीदाबाद के बड़खल फ्लाईओवर के पास सोमवार सुबह दो ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे के बाद दोनों ट्रक सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट और संकेत लाइट के पोल से जा टकराए. टक्कर इतनी तेज थी कि बिजली का खंभा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक बड़खल फ्लाईओवर से नीचे उतर रहा था. इसी दौरान सेक्टर-21सी की तरफ से आ रहे दूसरे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए और पास में लगे स्ट्रीट लाइट तथा संकेत लाइट के पोल से जा टकराए. हादसे में पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए. हादसे में दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए. मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने दोनों चालकों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शी हेमंत ने बताया कि एक ट्रक फ्लाईओवर से नीचे आ रहा था, जबकि दूसरा ट्रक सेक्टर-21सी की तरफ से निकल रहा था. फ्लाईओवर से नीचे उतरते ही दोनों ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई. इसके बाद दोनों वाहन बिजली और स्ट्रीट लाइट के पोल से जा टकराए.
हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया. इसके बाद क्रेन की मदद से दोनों ट्रकों को सड़क से हटाया गया. ट्रकों के हटने के बाद यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया गया.
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बिजली और लाइट के पोल को लेकर भी संबंधित विभाग को सूचना दी गई. फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों ट्रकों की टक्कर किस वजह से हुई.