कांवड़ यात्रा को लेकर गुरुग्राम में नया ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, भारी वाहनों को बदलना पड़ेगा रूट

सावन में कांवड़ यात्रा को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है. पुलिस ने वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने और कांवड़ियों के साथ आम वाहन चालकों से भी सावधानी बरतने की अपील की है.

ANI
Shanu Sharma

सावन के दौरान कांवड़ यात्रा को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है. कांवड़ यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों और जवानों को यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं.

पुलिस का उद्देश्य यात्रा के दौरान सड़कों पर भीड़ और वाहनों का दबाव कम करना है, ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. इसके लिए संवेदनशील और प्रमुख कांवड़ मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी.

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्तों की सलाह

गुरुग्राम पुलिस ने 9 से 11 अगस्त तक भारी वाहनों के लिए विशेष यातायात सलाह जारी की है. दिल्ली से गुरुग्राम होते हुए राजस्थान, झज्जर, रेवाड़ी, पटौदी, नूंह और फरीदाबाद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को मुख्य मार्गों के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने को कहा गया है. भारी वाहन चालकों को द्वारका एक्सप्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेसवे के रास्ते जाने की सलाह दी गई है. पुलिस ने परिवहन संचालकों से भी अपील की है कि वे अपने वाहनों के लिए पहले से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाएं, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्य सड़कों पर अनावश्यक दबाव न बढ़े.


कांवड़ियों के लिए पानी और विश्राम की व्यवस्था

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्गों पर पेयजल की व्यवस्था की गई है. इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए छायादार स्थानों पर विश्राम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने आम वाहन चालकों से कांवड़ यात्रा के दौरान धैर्य रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. कांवड़ियों के आसपास तेज गति से वाहन चलाने, लापरवाही बरतने और अनावश्यक हार्न बजाने से बचने को कहा गया है. वहीं कांवड़ यात्रियों से भी निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है. पुलिस का कहना है कि सभी लोगों के सहयोग से कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाया जा सकता है.