menu-icon
India Daily

मोजतबा खामेनेई को लेकर सस्पेंस खत्म? मौत की अटकलों के बीच सामने आया नया VIDEO, मची हलचल

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत और उनके देश में होने को लेकर लगातार तरह-तरह के दावे सामने आ रहे हैं. इसी बीच ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने उनका एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह सामान्य और स्वस्थ नजर आ रहे हैं. हालांकि, वीडियो कब का है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
मोजतबा खामेनेई को लेकर सस्पेंस खत्म? मौत की अटकलों के बीच सामने आया नया VIDEO, मची हलचल
Courtesy: X SG (@vani_mehrotra)

अमेरिका और ईरान के बीच शुरू हुए युद्ध के बाद से ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही है. इसी बीच ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज की ओर से जारी वीडियो में मोजतबा खामेनेई एक गद्दे पर बैठे दिखाई दे रहे हैं.

सोशल मीडिया पर नजर आ रहे इस वीडियो में उनके सामने कुछ लोग बैठे हैं और वह उनसे बातचीत करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में उनकी हालत सामान्य दिखाई दे रही है और ऐसा कोई संकेत नहीं दिखता, जिससे उनकी तबीयत बेहद खराब होने की पुष्टि हो.

वीडियो को लेकर कई गंभीर सवाल

इस वीडियो को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिसमें सबसे अहम सवाल यह है कि यह वीडियो कब रिकॉर्ड किया गया था? ईरानी अधिकारियों या समाचार एजेंसी की ओर से फिलहाल वीडियो की तारीख को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. ऐसे में इस वीडियो के आधार पर उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में पूरी तरह निश्चित निष्कर्ष निकालना मुश्किल है.

मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर यह अटकलें तब तेज हुईं, जब शुक्रवार को इजरायली मीडिया में उनकी हालत बेहद गंभीर होने की खबरें सामने आईं. इजरायल के चैनल 14 और द यरुशलम पोस्ट ने ईरानी प्रशासन के करीबी सूत्रों का हवाला देते हुए दावा किया था कि मोजतबा की सेहत को लेकर ईरान के शीर्ष नेतृत्व में चिंता बनी हुई है. द यरुशलम पोस्ट में एक सूत्र के हवाले से यहां तक कहा गया था कि अगर जल्द ही मोजतबा की मौत की खबर सामने आती है तो इसमें हैरानी नहीं होनी चाहिए. इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई थी.

खामेनेई की मौजूदगी पर कई दावे

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने भी हाल ही में सरकारी टेलीविजन को दिए एक साक्षात्कार में मोजतबा खामेनेई से सीधे संपर्क को लेकर स्थिति मुश्किल होने की बात कही थी. हालांकि, उन्होंने साथ ही कहा था कि मोजतबा की मौजूदगी ही देश के लिए बड़ी ताकत है. इसके अलावा विदेशी मीडिया और सऊदी अरब के समाचार माध्यम अल-हदथ की ओर से यह दावा भी किया गया था कि मोजतबा खामेनेई इस समय ईरान में मौजूद नहीं हैं. ऐसे में सरकारी एजेंसी की ओर से मोजतबा खामेनेई का वीडियो जारी किया जाना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.