हरियाणा के क्लब में गाने बदलने को लेकर भड़का विवाद, पार्टी में युवती के साथ हुई मारपीट
फरीदाबाद के एक क्लब में गाना बदलने को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया. युवती से बदसलूकी के आरोप लगे हैं. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में एक क्लब के अंदर गाना बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और तूल पकड़ गया है.
घटना ग्रेटर फरीदाबाद के ओमेक्स वर्ल्ड स्ट्रीट स्थित एक क्लब की है, जहां पार्टी के दौरान डीजे म्यूजिक को लेकर दो गुटों के बीच बहस शुरू हुई. जिसके बाद यह बहस मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इस दौरान एक युवती को बाल पकड़कर पीटा गया.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद बीपीटीपी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है. दो नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है.
शिकायतकर्ता रमन ग्रोवर ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी महक का जन्मदिन मनाने के लिए क्लब बुक किया था. देर रात करीब 12 बजे वह अपनी बेटी और उसकी सहेलियों को क्लब छोड़कर घर लौट आए थे. कुछ समय बाद उनकी बेटी का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि कुछ युवक डीजे पर गाना बदलने की बात को लेकर उससे बदतमीजी कर रहे हैं.
पीड़िता ने क्या बताया?
ग्रोवर के मुताबिक जब वह मौके पर पहुंचे तो वैभव अरोड़ा और अन्य लोगों ने मिलकर उनकी बेटी और उसकी सहेलियों के साथ मारपीट की. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक महिला ने महक को थप्पड़ मारा, जिसके बाद अन्य लोगों को बुलाकर हमला किया गया.
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक महिला को दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश करते देखा जा सकता है. हालांकि पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि युवती के साथ मारपीट हुई या नहीं.
पुलिस अधिकारियों ने क्या बताया?
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और क्लब मालिक के भी परिचित हैं. मामले की सच्चाई जानने के लिए क्लब में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. स्थानीय SHO अरविंद कुमार ने बताया कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
और पढ़ें
- 'पुलिस कितनी संवेदनहीन हो गई है...', सुप्रीम कोर्ट ने 4 साल पुराने बच्ची के रेप केस में सिस्टम की विफलता पर जताई कड़ी नाराजगी
- हरियाणा सरकार पटवारियों और कानूनगो को देगी 4156 स्मार्ट टैबलेट; बदलेगा राजस्व सिस्टम
- जब स्कैमरों ने डिजिटल अरेस्ट करने के लिए हरियाणा के DGP और उनकी पत्नी को ही कर दिया फोन, अधिकारी ने खुद सुनाई आपबीती