'हिसाब बाकी', रोहतक गैंगवार की भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी! कहा-रोहित-सोनू के मर्डर का बदला

हरियाणा के रोहतक में मिलन ढाबे पर चार युवकों की हत्या के बाद गैंगवार का मामला गरमा गया है. सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ गैंग के नाम से एक धमकी भरी पोस्ट सामने आई है.

Pinterest
Reepu Kumari

Rohtak Milan Dhaba Murder: हरियाणा के रोहतक में एक ढाबे पर खाना खाने पहुंचे युवकों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में वहां गोलियों की गूंज सुनाई देने लगेगी. खरावड़ गांव के पास दिल्ली रोड स्थित मिलन ढाबे पर पांच हथियारबंद बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की जान ले ली. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

मामले में अब गैंगवार का एंगल भी सामने आया है. सोशल मीडिया पर हिमांशु भाऊ गैंग के नाम से एक पोस्ट जारी कर हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. 

सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- अभी हिसाब बाकी है

इंस्टाग्राम पर 'rohitbajrang07' नाम के अकाउंट से साझा पोस्ट की शुरुआत 'जय भोले की' लिखकर की गई है. इसमें दावा किया गया है कि मिलन ढाबे पर हुई चार युवकों की हत्या पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए की गई. पोस्ट में विरोधी गुट को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि अभी हिसाब पूरा नहीं हुआ है और आने वाले समय में कुछ और लोगों को निशाना बनाया जा सकता है.


विरोधियों को दी गई अगली वारदात की चेतावनी

वायरल पोस्ट में विरोधी गुट के लोगों को गाड़ी में बैठने से पहले भी सावधान रहने की धमकी दी गई है. इसमें एक व्यक्ति को निशाना बनाते हुए कहा गया है कि छिपने या कुछ समय तक शांत रहने से उसकी जान नहीं बचेगी. पोस्ट में साथियों की हत्या के बाद दोनों भाइयों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है. हालांकि, इन दावों की पुलिस ने पुष्टि नहीं की है.

आधी रात को ढाबे पर बरसाईं गोलियां

वारदात बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे हुई. पांच बदमाश स्विफ्ट कार से मिलन ढाबे पर पहुंचे और वहां खाना खा रहे युवकों पर गोलियां चला दीं. अचानक हुई फायरिंग से वहां भगदड़ मच गई. लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिपकर जान बचाने लगे. तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा जान बचाकर भागा तो हमलावरों ने पीछा कर उसे भी गोली मार दी. इसके बाद आरोपी फरार हो गए.

तीन मृतक डीघल गांव के रहने वाले

मृतकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनित और गंजू तथा बेरी क्षेत्र के हिमांशु के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में पुलिस इस वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच पुरानी दुश्मनी से जोड़कर देख रही है. सोशल मीडिया पोस्ट में रोहित उर्फ बजरंग की हत्या 2 मार्च 2022 और साहिल उर्फ सोनू डीघल की हत्या 8 अप्रैल 2026 को होने का जिक्र है.

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की जानकारी मिलते ही रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर और एसपी गौरव राजपुरोहित समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की कार और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके. वायरल पोस्ट और गैंगवार के संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है.