गंगा की सफाई के लिए आगे आए विदेशी मेहमान, वायरल वीडियो देखकर सोचने पर मजबूर हुए लोग
सोशल मीडिया पर गंगा घाट की सफाई करते विदेशी मेहमानों का वीडियो वायरल हो रहा है. इस घटना ने गंगा की स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को लेकर नई बहस छेड़ दी है.
गंगा नदी को भारत में आस्था और संस्कृति का प्रतीक माना जाता है. करोड़ों लोग रोजाना गंगा में स्नान और पूजा-पाठ करने पहुंचते हैं लेकिन इसी बीच गंगा घाटों पर फैली गंदगी और प्लास्टिक कचरे की समस्या भी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है. इन सबके बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ विदेशी मेहमान गंगा घाट पर सफाई करते नजर आ रहे हैं.
उनके हाथों में डस्टबैग हैं और वे घाट पर फैला कचरा और प्लास्टिक उठाते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग विदेशी मेहमानों को भारत आकर गंगा घाटों की सफाई करते देखकर हैरानी जता रहे हैं. वहीं, कई यूजर्स का कहना है कि सफाई करने वाले लोगों की राष्ट्रीयता नहीं, बल्कि उनकी जिम्मेदारी और सोच मायने रखती है.
Also Read
दरअसल, यह वीडियो सिर्फ विदेशी नागरिकों के सफाई करने तक सीमित नहीं है. यह हमारे सामाजिक व्यवहार और सार्वजनिक स्थानों के प्रति जिम्मेदारी को भी सामने लाता है. जिस गंगा को हम मां का दर्जा देते हैं, उसी के घाटों पर कई बार लोग पूजा-पाठ के बाद फूल-माला, प्लास्टिक की थैलियां और दूसरी सामग्री छोड़कर चले जाते हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि गंगा को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है.
नमामि गंगे पर सवाल उठाने से पहले खुद को देखें
गंगा की सफाई को लेकर अक्सर सरकारी योजनाओं और नमामि गंगे अभियान पर सवाल उठाए जाते हैं. लेकिन नदी को स्वच्छ रखने में आम नागरिकों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. घाटों पर कूड़ा फैलाना, प्लास्टिक की बोतलें छोड़ना और पूजा सामग्री को इधर-उधर फेंकना ऐसी आदतें हैं, जो प्रदूषण की समस्या को बढ़ाती हैं.
सरकार और संबंधित विभाग सफाई के लिए अभियान चला सकते हैं, लेकिन उनकी सफलता जनभागीदारी के बिना संभव नहीं है. अगर लोग खुद कचरा फैलाने से बचें और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करें, तो गंगा को स्वच्छ रखने की दिशा में बड़ा बदलाव आ सकता है.
वायरल वीडियो ने दिया स्वच्छता का संदेश
विदेशी मेहमानों का गंगा घाट पर सफाई करना एक महत्वपूर्ण संदेश दे रहा है. स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, विभाग या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर नागरिक का कर्तव्य है. गंगा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन और आजीविका से भी जुड़ी हुई है.