बाथरूम में सिरिंज...कमरे में लाश, शादी के 4 महीने बाद ही पति ने जहरीला इंजेंक्शन लगाकर पत्नी को मौत की नींद सुलाया
गुरुग्राम में शादी के चार महीने बाद युवती की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों ने पति पर जहरीला इंजेक्शन देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है.
गुरुग्राम: गुरुग्राम में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. शादी के महज चार महीने बाद 23 वर्षीय काजल की अचानक मौत हो गई, जिसके बाद मायके पक्ष ने पति पर जहरीला इंजेक्शन देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. घर के बाथरूम से सिरिंज मिलने के बाद मामला और भी संदिग्ध हो गया है.
जानकारी के अनुसार काजल की शादी चार महीने पहले गाजियाबाद निवासी अरुण शर्मा से हुई थी. दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और बाद में विवाह किया था. काजल एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में काम करती थी, जबकि उसका पति एक्स-रे तकनीशियन था.
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि शादी के बाद दोनों बासई इलाके में रह रहे थे, लेकिन कुछ समय से उनके रिश्तों में तनाव चल रहा था. हाल ही में हुए विवाद के बाद काजल अपने मायके, गढ़ी हरसरू गांव, लौट आई थी. इसके बाद उसका पति भी वहीं आकर रहने लगा था.
बुधवार शाम काजल घर में अपनी बहन और भाभी के साथ थी. इसी दौरान उसका पति उसे नीचे बुलाकर ले गया. कुछ देर बाद जब भाभी नीचे पहुंचीं, तो उन्होंने काजल को अचेत अवस्था में पाया. उसकी नाक से खून बह रहा था और हालत बेहद गंभीर थी. परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों ने क्या लगाया आरोप?
मृतका के परिजनों का आरोप है कि पति ने काजल को किसी जहरीले पदार्थ का इंजेक्शन दिया, जिससे उसकी मौत हुई. उनका कहना है कि घर के बाथरूम से एक सिरिंज भी बरामद हुई है, जो इस शक को और मजबूत करती है. घटना के बाद परिवार में शोक और गुस्से का माहौल है और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर सेक्टर-10 थाने में दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है.
जांच अधिकारी ने क्या बताया?
जांच अधिकारी के अनुसार, मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी पति से पूछताछ जारी है.
और पढ़ें
- पार्क ले जाने के बहाने पिता ने 3 साल की बेटी को 23वीं मंजिल से फेंका...फिर खुद भी लगाई छलांग, दोनों की मौत
- हाई-वोल्टेज ड्रामा के बाद आधी रात में घोषित हुए हरियाणा राज्यसभा चुनाव के नतीजे, टल गई बीजेपी की हैट्रिक; कांग्रेस का हुआ कमबैक
- 30 यात्रियों की जिंदगी लगी दांव पर..., निर्माणाधीन पुलिया के पास फंसी हरियाणा रोडवेज बस; कुरुक्षेत्र में टला बड़ा हादसा