IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

कैथल में जमीनी विवाद ने ले ली महिला की जान, सास और देवर ने बहु को जहर देकर उतारा मौत के घाट

जमीनी विवाद के चलते एक 35 साल की महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. आरोप है कि महिला की सास, देवर और देवरानी ने मिलकर उसे जहर दिया. जिसके बाद उसकी मौत हो गई.

x
Garima Singh

Murder in Kaithal: हरियाणा के कैथल जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीनी विवाद के चलते एक 35 साल की महिला की कथित तौर पर हत्या कर दी गई. आरोप है कि महिला की सास, देवर और देवरानी ने मिलकर उसे जहर दिया. जिसके बाद उसकी मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

गांव कालवन, जिला जींद निवासी विजेंद्र ने बताया कि उनकी बहन मन्नू की शादी 15 साल पहले दूबल गांव के राकेश के साथ हुई थी. शादी के बाद मन्नू का वैवाहिक जीवन सामान्य रूप से चल रहा था. हालांकि, करीब नौ महीने पहले मन्नू के पति राकेश की अचानक मौत हो गई. इसके बाद मन्नू के ससुराल वालों ने उसके हिस्से की जमीन को लेकर विवाद शुरू कर दिया. विजेंद्र ने कहा, "शादी के बाद से उनका परिवार ठीक-ठाक चल रहा था, लेकिन पति की मृत्यु के बाद ससुराल वालों ने मेरी बहन के साथ जमीनी विवाद शुरू कर दिया.'

बार-बार समझाने का नहीं हुआ असर

विजेंद्र के मुताबिक, इस विवाद को सुलझाने के लिए गांव के लोग कई बार एकत्रित हुए और मन्नू के ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उनकी बातों का कोई प्रभाव नहीं पड़ा. 1 जून, 2025 को स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब आरोपियों ने मन्नू को जबरदस्ती जहरीला पदार्थ पिला दिया. इस घटना के बाद मन्नू की मृत्यु हो गई. परिजनों को जैसे ही इसकी सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया. 

पुलिस ने शुरू की जांच

कलायत थाना के एसएचओ रामनिवास ने बताया, "पुलिस ने मृतका के ताऊ के लड़के के बयान के आधार पर सास, देवर और देवरानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है." उन्होंने आगे कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. 

कड़ी सजा की मांग

मृतका के भाई विजेंद्र ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनकी बहन की हत्या जमीनी विवाद के कारण की गई, और इस जघन्य अपराध के लिए दोषियों को कठोर दंड मिलना चाहिए.