Assam Assembly Election 2026

'बौना-बौना बोलकर सबने चिढ़ाया...', 3 फीट के दूल्हे को अब मिली ऐसी दुल्हन, पूरा गांव हुआ हैरान

जब विक्रम प्रियंका के साथ चंदाना गांव लौटे तो पूरा गांव उनके स्वागत के लिए सड़क पर उतर आया. लोग इस अनोखी जोड़ी को देखकर सेल्फी लेने के लिए लाइन लगा रहे थे. बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी इस प्यारी जोड़ी के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे.

x
Antima Pal

हरियाणा: हरियाणा के कैथल जिले में एक अनोखी और दिल छू लेने वाली शादी ने सबका ध्यान खींच लिया है. चंदाना गांव के 26 वर्षीय विक्रम सिंह की लंबाई सिर्फ 3 फीट है. लोगों के तानों और मजाक के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और आखिरकार उन्हें अपनी सपनों की दुल्हन मिल गई. उनकी दुल्हन प्रियंका भी 3 फीट की हैं और बेहद खूबसूरत हैं. दोनों की जोड़ी देखकर पूरा गांव मुस्कुरा उठा.

विक्रम ने बताया कि पहले उनके रिश्ते आने शुरू हुए थे, लेकिन उन्होंने अपने बड़े भाइयों की शादी पहले करवाई. इसके बाद रिश्ते आना बंद हो गए. लोग उन्हें 'बौना' कहकर चिढ़ाते थे, फिर भी विक्रम का विश्वास नहीं टूटा. वे हमेशा कहते थे कि उनके लिए भी कोई न कोई जरूर बनी होगी और हुआ भी यही. 

जींद जिले के हाट गांव की प्रियंका उनके जीवन में खुशियां लेकर आईं. बुलेट पर बारात और जोशीला दूल्हा शादी का पूरा कार्यक्रम बेहद धूमधाम से हुआ. सबसे खास बात यह रही कि विक्रम अपनी दुल्हन को लाने के लिए बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे. बारात में उनका जोश देखते ही बनता था. बुलेट पर डांस करते विक्रम को देखकर मेहमान भी हैरान रह गए. 

रविवार रात जब विक्रम प्रियंका के साथ चंदाना गांव लौटे तो पूरा गांव उनके स्वागत के लिए सड़क पर उतर आया. लोग इस अनोखी जोड़ी को देखकर सेल्फी लेने के लिए लाइन लगा रहे थे. बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी इस प्यारी जोड़ी के साथ फोटो खिंचवाना चाहते थे. गांव में इस शादी की चर्चा इन दिनों हर घर में है. न रंग, न रूप, न ऊंचाई… सिर्फ दिल मायने रखता है.

इस शादी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि शादी के लिए न रंग-रूप और न ही ऊंचाई मायने रखती है. सच्चा प्यार और समझदारी ही सबसे बड़ी चीज है. विक्रम और प्रियंका की जोड़ी इसी का बेहतरीन उदाहरण है. दोनों एक-दूसरे को समझते हैं और साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं. गांव वाले अब विक्रम को ताना मारने के बजाय उनका हौसला सराह रहे हैं.