कपिल रेड्डू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, मुठभेड़ के बाद साजिश का अहम आरोपी रोहित गिरफ्तार
हिसार के चर्चित कपिल रेड्डू हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सीआईए-2 की टीम ने मुठभेड़ के बाद मामले के वांछित आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का दावा है कि रोहित ने हत्या की साजिश, रेकी और हथियार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई थी.
हिसार के चर्चित रेड जिम संचालक कपिल रेड्डू हत्याकांड की जांच में पुलिस को अहम सफलता मिली है. सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात गांव पुठी मंगल खां के पास सीआईए-2 की टीम और हत्या के मामले में वांछित आरोपी रोहित के बीच मुठभेड़ हुई.
मिली जानकारी के मुताबिक इस दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस के वाहन पर भी गोली लगने की सूचना है. घायल आरोपी को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया. हालांकि पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
घेराबंदी के दौरान शुरू की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, भिवानी जिले के गांव भुरटाना निवासी रोहित किसी काम से पुठी मंगल खां की ओर जा रहा था. इसी दौरान पुलिस को उसके वहां होने की सूचना मिली. इंस्पेक्टर कप्तान सिंह के नेतृत्व में सीआईए-2 की टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिस के अनुसार, खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने पुलिस दल पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें रोहित के पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
Also Read
हत्या की साजिश में अहम भूमिका?
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, रोहित का नाम 11 जून को हुई कपिल रेड्डू की हत्या की साजिश में प्रमुख रूप से सामने आया है. प्रारंभिक जांच में यह जानकारी मिली है कि उसने वारदात से पहले कपिल रेड्डू की गतिविधियों की रेकी की थी. इतना ही नहीं, हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार उपलब्ध कराने में भी उसकी भूमिका बताई जा रही है.
सूत्रों का यह भी कहना है कि रोहित का संपर्क इस मामले के मुख्य आरोपी सुंदर से था. पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर पूरे आपराधिक नेटवर्क, साजिश में शामिल अन्य लोगों और वारदात की योजना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने में जुटी है. गौरतलब है कि 11 जून की सुबह फव्वारा चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने कपिल रेड्डू पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी थी.