हिसार में दो होटलों पर पुलिस की बड़ी कार्यवाही, 18 महिलाएं हुए रेस्क्यू
हिसार पुलिस ने अर्बन एस्टेट क्षेत्र के दो होटलों में कार्यवाही करते हुए 18 महिलाओं को सुरक्षित निकाला. मामले में होटल संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है.
हरियाणा के हिसार में पुलिस ने देह व्यापार और अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए अर्बन एस्टेट क्षेत्र के दो होटलों में छापेमारी की. जिला पुलिस की इस कार्यवाही का उद्देश्य कथित देह व्यापार से जुड़े मामलों पर सख्ती से रोक लगाना था.
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए. मौके से 18 महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया, जबकि होटल प्रबंधन से जुड़े लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है.
DSP के नेतृत्व में हुई कार्यवाही
ये कार्यवाही डीएसपी प्रिया शर्मा के नेतृत्व में की गई. पुलिस टीम ने होटल बलिश और ए टू जेड होटल में एक साथ छापेमारी की. जांच के दौरान कई कमरों की तलाशी ली गई. पुलिस का कहना है कि मौके पर मिले तथ्यों के आधार पर आगे की जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है.
Also Read
18 महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 18 महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला. अधिकारियों के अनुसार सभी महिलाओं को आवश्यक प्रक्रिया के तहत संरक्षण और सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उन्हें किन परिस्थितियों में वहां लाया गया था और इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही.
होटल प्रबंधन पर दर्ज हुआ मामला
जांच के दौरान होटल संचालकों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों होटलों से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. मौके से होटल ए टू जेड के मालिक और होटल बलिश के मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
कई राज्यों से महिलाओं को लाने का आरोप
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह जानकारी आई कि महिलाओं को उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड और अन्य राज्यों से लाया जाता था. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है. इसके लिए संबंधित दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है.
नेटवर्क की गहराई से होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है. मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.