menu-icon
India Daily

'मुझे बचा लो मैं सुबह तक जिंदा नहीं रहूंगी...', बहन को बचाने उसके ससुराल पहुंचे भाई की जीजा ने कर दी हत्या

करनाल के कूचपुरा गांव में बहन की मदद के लिए पहुंचे भाई की कथित तौर पर जीजा ने नुकीले हथियार से हत्या कर दी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'मुझे बचा लो मैं सुबह तक जिंदा नहीं रहूंगी...', बहन को बचाने उसके ससुराल पहुंचे भाई की जीजा ने कर दी हत्या
Courtesy: X

हरियाणा के करनाल जिले के कूचपुरा गांव में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. आरोप है कि बहन की मदद के लिए पहुंचे युवक जसविंदर की उसके जीजा ने नुकीले हथियार से हमला कर हत्या कर दी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

पहले से चल रहा था पारिवारिक विवाद

जांच अधिकारी अजय कुमार के अनुसार, मृतक की बहन की शादी करीब 14 महीने पहले हुई थी. शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद की शिकायतें सामने आती रही थीं. जसविंदर और उसके जीजा के बीच भी पहले कई बार कहासुनी हुई थी, जिसे पंचायत के जरिए सुलझाने की कोशिश की गई थी. पुलिस के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले महिला ने अपने तीन भाइयों को फोन कर बताया कि उसे परेशान किया जा रहा है और उसकी जान को खतरा है.

झगड़े के दौरान हुआ जानलेवा हमला

बहन का फोन मिलने के बाद जसविंदर अपने दो अन्य भाइयों के साथ जीप में उसकी ससुराल पहुंचा. वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान आरोप है कि जीजा ने नुकीले हथियार से जसविंदर पर हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल जसविंदर को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

 महिला ने लगाए गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस

मृतक की बहन मनजीत ने आरोप लगाया कि उसके पति ने पहले उसकी गर्दन पर चाकू रखकर उसे भाइयों को बुलाने और पैसे लेकर आने के लिए मजबूर किया. इसके बाद उसने अपने भाइयों को फोन कर मदद मांगी. मनजीत ने कहा, 'मैंने अपने भाइयों को फोन कर कहा कि मेरी जान को खतरा है. मुझे आकर बचा लो, नहीं तो मैं सुबह तक जिंदा नहीं रहूंगी.' 

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की जांच की जा रही है. घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.