US Israel Iran War

हरियाणा: चलते ट्रक में भड़की आग, करनाल हाईवे पर मचा हड़कंप; बाल-बाल बचे लोग

करनाल में दिल्ली से चंडीगढ़ जा रहे कबाड़ से भरे ट्रक में आग लग गई. दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पाया. कोई जनहानि नहीं हुई. आग लगने के कारणों की जांच जारी है.

@ANI x account
Km Jaya

करनाल: हरियाणा के करनाल में सोमवार को कबाड़ से भरे एक ट्रक में अचानक आग लग गई. यह ट्रक दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रहा था. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी.

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और तेजी से राहत कार्य शुरू किया गया. अधिकारियों के अनुसार आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया. हालांकि इस हादसे में ट्रक में लदा समान पूरी तरह से जलकर खराब हो गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति की जान नहीं गई.

हाउस ऑफिसर ने क्या बताया?

करनाल हाईवे पुलिस के स्टेशन हाउस ऑफिसर दर्शन सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आग किन परिस्थितियों में लगी.

कैसे टला बड़ा हादसा?

पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की वजह से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई. मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाया जाता तो यह आग और भी बड़ा रूप ले सकती थी और आसपास के अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी.

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए पूरी टीम ने मिलकर काम किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. फिलहाल ट्रक को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया गया है. इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर चलने वाले भारी वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

हाल ही में हुई थी ऐसी ही एक घटना

इससे पहले फरवरी महीने में हरियाणा के भिवानी में बावड़ी गेट के पास एक स्क्रैप यानी कबाड़ गोदाम में भी आग लगने की घटना सामने आई थी. उस समय भी पांच दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया था. फिलहाल करनाल की इस घटना में जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आग लगने के कारणों का खुलासा किया जाएगा.