डॉग दिखाने का दिया झांसा, फार्म हाउस ले जाकर महिला से किया दुष्कर्म; आरोपी गिरफ्तार
रोहतक के महम क्षेत्र में गुरुग्राम की एक महिला ने आरोप लगाया कि उसे कुत्ता दिखाने के बहाने फार्म हाउस बुलाकर दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया.
रोहतक: हरियाणा के रोहतक जिले के महम क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता गुरुग्राम की रहने वाली है और उसने आरोप लगाया है कि उसे कुत्ता दिखाने के बहाने फार्म हाउस बुलाकर दुष्कर्म किया गया. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस के अनुसार पीड़िता अपनी एक सहेली से मिलने के लिए रोहतक आई थी. बातचीत के दौरान उसने कुत्ता खरीदने की इच्छा जताई. इस पर उसकी सहेली ने एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया और बताया कि उसके पास कुत्तों का फार्म हाउस है. इसके बाद महिला ने उस व्यक्ति से फोन पर संपर्क किया.
क्या है पूरा मामला?
महिला के अनुसार आरोपी ने उसे महम क्षेत्र के मदीना स्कूल के पास मिलने के लिए बुलाया. वह बस से मदीना गांव पहुंची और वहां से ऑटो लेकर तय स्थान पर पहुंची. कुछ देर बाद आरोपी अपनी कार से वहां आया और उसे गांव खरकड़ा स्थित अपने फार्म हाउस ले गया.
Also Read
पीड़िता का आरोप है कि फार्म हाउस पर पहले से चार अन्य लोग मौजूद थे. आरोपी उसे एक कमरे में ले गया और कहा कि वह यहीं इंतजार करे, वह कुत्ता लेकर आता है. करीब 15 मिनट बाद आरोपी वापस लौटा और कमरे का दरवाजा बंद कर दिया. इसके बाद उसने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद महम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी की तलाश की और उसे गिरफ्तार कर लिया.
महम थाना प्रभारी ने क्या बताया?
महम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि गांव खरकड़ा स्थित फार्म हाउस पर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना की पुष्टि हुई है. आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है.
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय फार्म हाउस पर मौजूद अन्य लोगों की क्या भूमिका थी. यदि जांच में उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है.