US Israel Iran War

Gurugram Encounter: राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर फायरिंग करने वाला शूटर ढेर

गुरुग्राम के कन्हई गांव में पुलिस मुठभेड़ में राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर फायरिंग करने वाला शूटर गुरुशेर मारा गया. हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर हमला कर भागने की कोशिश में हुई कार्रवाई.

Google
Dhiraj Kumar Dhillon

गुरुग्राम पुलिस ने एनकाउंटर में सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के ईवेंट मैनेजर के घर पर हमला करने वाले शूटर को मार गिराया. शूटर के साथ गुरुग्राम पुलिस की मुठभेड़ सेक्टर-40 थानाक्षेत्र के कन्हई गांव में हुई. सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में शूटर मारा गया जबकि उसका साथी पुलिस की गोली से घायल होने के बाद मौके से भागने में कामयाब रहा, पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है. मारे गए शूटर का नाम गुरुशेर है. पुलिस के मुताबिक गुरुशेर ने हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर पर हमला किया था.

हथियार बरामदगी के लिए लेकर पहुंची थी क्राइम ब्रांच

पुलिस के मुताबिक क्राइम ब्रांच की टीम दोनों आरोपियों को हथियार बरामदगी के लिए बंधवाड़ी इलाके में लेकर गई थी. इसी दौरान आरोपियों पुलिस टीम पर हमला कर भागने की कोशिश की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की. पुलिस की फायरिंग में गुरुशेर मौके पर ढेर हो गया, जबकि उसका साथी गोली लगने के बाद मौके से फरार हो गया.

हमलावरों की 3 मई को तरनतारन से हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर के घर पर हमला करने के आरोप में दोनों आरोपियों को पंजाब के तरनतारन से गिरफ्तार किया गया था. 3 मई को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया था. मामले में जांच के ल‌िए पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लिया और हथियार बरामदगी के लिए घटनास्थल पर लेकर पहुंची थी, इसी दौरान दोनों ने पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया और फिर मुठभेड़ हो गई.