IPL 2026

तुलसी के पौधे के पास जलाए गए दीये से भड़की आग, 14वें फ्लोर तक पहुंची लपटें; चपेट में आए 5 फ्लैट

घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों ने तुरंत अलार्म बजाया और सभी को बाहर निकलने के लिए सतर्क किया.

Anuj

फरीदाबाद: सेक्टर-78 स्थित हैबिटेट रेजिडेंट्स सोसायटी में शनिवार देर शाम आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया. आग 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में शुरू हुई और देखते ही देखते 13वीं व 14वीं मंजिल तक फैल गई.

इस हादसे में करीब पांच फ्लैटों को नुकसान पहुंचा. हालांकि, राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी के घायल होने की खबर नहीं है.

आग की चपेट में आए करीब 5 फ्लैट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस फ्लैट में आग लगी, उसके मालिक परिवार सहित बाहर गए हुए थे. बताया जा रहा है कि फ्लैट के बाहर रखे तुलसी के पौधे के पास जलाए गए दीये से सूखी पत्तियों में आग भड़क उठी. धीरे-धीरे यह आग पर्दों तक पहुंच गई और कुछ ही समय में लपटें तेज हो गई, जिससे ऊपर के फ्लैट भी इसकी चपेट में आ गए.

सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल

घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों ने तुरंत अलार्म बजाया और सभी को बाहर निकलने के लिए सतर्क किया. कई लोग जरूरी सामान लेकर नीचे आए, जबकि कुछ निवासी आग बुझाने की कोशिश में जुट गए.

ऑटोमेटिक फायर फाइटिंग सिस्टम सक्रिय

इसी दौरान सोसायटी में लगा ऑटोमेटिक फायर फाइटिंग सिस्टम सक्रिय हो गया, जिससे पानी का छिड़काव शुरू हो गया. इस सिस्टम और स्थानीय लोगों के प्रयासों की बदौलत आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

घरेलू सामान के जलने से नुकसान

आग बुझने के बाद सुरक्षा के लिहाज से सभी लोग सोसायटी के पार्क में इकट्ठा हो गए. घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई फ्लैटों में धुआं भरने और घरेलू सामान के जलने से नुकसान हुआ है. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

आग से बचाव के लिए क्या करें?

सोसायटी में आग लगने की घटनाएं अक्सर छोटी लापरवाही से बड़ी दुर्घटना बन जाती हैं. ऐसे में कुछ जरूरी सावधानियां अपनाकर आप अपनी और दूसरों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं. बालकनी या दरवाजे के पास जलते दीये, अगरबत्ती या मोमबत्ती को कभी भी अकेला न छोड़े.

सूखे पौधे, पर्दे या कागज इनके संपर्क में आकर जल्दी आग पकड़ सकते हैं. पुरानी वायरिंग, ओवरलोडेड प्लग और खराब उपकरण आग का बड़ा कारण बनते हैं. समय-समय पर बिजली के कनेक्शन की जांच जरूर कराए. गैस चूल्हा बंद करना न भूले. पाइप और रेगुलेटर की नियमित जांच करें. किचन में ज्वलनशील वस्तुएं (तेल, कपड़ा) गैस के पास न रखे. थोड़ी सी सतर्कता और सही समय पर उठाया गया कदम बड़ी दुर्घटना को टाल सकता है.