गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी है. यह घटना बजघेड़ा थाना क्षेत्र के साहिब कुंज चौमा फाटक के पास की है, जहां एक कमरे के अंदर महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी के सिर पर गैस सिलेंडर से हमला किया. वार इतना जोरदार था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया और फरार हो गया, ताकि किसी को तुरंत इस घटना की जानकारी न मिल सके.
मामले का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों को कमरे के कई दिनों तक बंद रहने पर शक हुआ. उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो महिला खून से लथपथ हालत में पड़ी थी. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और सीन ऑफ क्राइम टीम व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स को बुलाकर सबूत जुटाए गए.
मकान मालिक के अनुसार, आरोपी 20 मार्च को ही बिहार के समस्तीपुर से यहां आया था और अपनी पत्नी के साथ किराये पर रहने लगा था. 23 मार्च की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया. इसी दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया.
पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को 26 मार्च को गुरुग्राम से ही गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. घटना वाली रात भी विवाद बढ़ गया और गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.