फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. सैनिक कॉलोनी इलाके में खेलते समय ढाई साल का एक मासूम पानी के टैंक में गिर गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई. घटना के समय माता पिता मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे. बच्चा अपने बड़े भाई बहनों की देखरेख में घर पर था. लेकिन नजर चूकते ही यह हादसा हो गया और परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं.
जानकारी के अनुसार परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है और मजदूरी कर अपना गुजारा करता है. पिता ने बताया कि वे और उनकी पत्नी रोज की तरह काम पर गए थे. उनका सबसे छोटा बेटा हरदीप ढाई साल का था. बताया जा रहा है कि काम पर जाते समय वे बच्चे को अपने साथ ले गए थे, लेकिन घर में बड़े बच्चे उसे खेलने के लिए वापस ले आए. इसी दौरान खेलते खेलते वह घर के पास बने पानी के टैंक के पास पहुंच गया. किसी को अंदाजा नहीं था कि वह टैंक में गिर गया है. जब कुछ देर तक बच्चा नजर नहीं आया तो परिवार और आसपास के लोगों ने उसे ढूंढना शुरू किया. काफी तलाश के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला तो मकान मालकिन ने पानी के टैंक में झांक कर देखा. वहां मासूम बेहोशी की हालत में मिला.
बच्चे को तुरंत निकालकर पास के BK Hospital Faridabad की इमरजेंसी में ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस दर्दनाक दृश्य को देखकर परिवार के लोग बेसुध हो गए. पिता अपने बेटे को गोद में लेकर पोस्टमार्टम रूम तक ले जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए. पड़ोसी ने बच्चे को गोद में उठाया और अस्पताल की मोर्चरी तक पहुंचाया.
मृतक बच्चे के पिता ने इस मामले में किसी पर आरोप नहीं लगाया. उन्होंने कहा कि यह लापरवाही उनके ही बड़े बच्चों से हुई है. वे छोटे भाई का ध्यान नहीं रख पाए, जिसके कारण यह हादसा हो गया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. फिलहाल किसी तरह की आपराधिक लापरवाही की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है.