सिकरोना: फरीदाबाद के सिकरोना गांव में सोमवार सुबह एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाली महिला टीचर की हत्या कर दी गई. आरोपी ने नकाब लगाकर स्कूल में घुसकर यह वारदात की. पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. बता दें कि हत्या की शिकार 32 वर्षीय संध्या सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में टीचर थीं. वो दो बच्चों की मां थीं.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गार्ड से उनके पति का नाम लेकर टीचर को बुलवाया. जैसे ही वे बाहर आईं, आरोपी ने उन पर हमला कर दिया. चीख-पुकार सुनकर स्कूल संचालक दौड़े, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकला. जानिए कौन-था आरोपी…
पुलिस ने कोट गांव निवासी 21 वर्षीय अमित को गिरफ्तार किया है. आरोपी का दावा है कि वह टीचर से शादी करना चाहता था, लेकिन संध्या ने इनकार कर दिया था. इसके बाद उसने यह वारदात की. बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले दो साल से टीचर को परेशान कर रहा था. एकतरफा प्यार के कारण वह उन्हें तंग करता था. इससे तंग आकर संध्या ने कोट गांव का पुराना स्कूल छोड़ दिया था.
आरोपी बार-बार उनसे बात करने का दबाव बनाता था. टीचर ने छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस में भी की थी. आरोपी के माफी मांगने पर पहले समझौता हो गया था. टीचर के पति ने बताया कि शिकायत करने पर आरोपी ने हाथापाई भी की थी.
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पिछले दो महीने से हत्या की योजना बना रहा था. उसने दो महीने पहले चाकू खरीद लिया था. जब टीचर ने केस दर्ज कराने की धमकी दी, तो उसने हत्या की साजिश रच ली. संध्या पहले कोट गांव के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थीं. वहीं आरोपी उनसे बातचीत करने लगा था. करीब एक साल पहले वे सिकरोना स्कूल में नौकरी करने लगीं, लेकिन आरोपी उन्हें परेशान करता रहा. पुलिस ने घटनास्थल से हथियार बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले की आगे जांच जारी है.