menu-icon
India Daily

फरीदाबाद में 3 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, घर में मौजूद थे कई लोग; फिर भी नहीं चली किसी को भनक

फरीदाबाद के सूरजकुंड इलाके में तीन साल के मासूम आदित्य की गला रेतकर हत्या कर दी गई. घटना के समय घर में कई परिजन मौजूद थे, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. पुलिस ने परिवार के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

babli
Edited By: Babli Rautela
फरीदाबाद में 3 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, घर में मौजूद थे कई लोग; फिर भी नहीं चली किसी को भनक
Courtesy: Social Media

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. सूरजकुंड थाना क्षेत्र की शिव दुर्गा विहार कॉलोनी में तीन साल के मासूम आदित्य की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बच्चे का शव घर के अंदर बिस्तर पर खून से लथपथ हालत में मिला. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग स्तब्ध हैं. पुलिस के अनुसार आदित्य अपने नाना श्रीराम तिवारी और नानी के साथ शिव दुर्गा विहार स्थित किराए के मकान में रह रहा था. उसके पिता का निधन उसकी मां की शादी के कुछ महीने बाद ही कैंसर के कारण हो गया था. पिता की मौत के बाद आदित्य का जन्म हुआ था.

बाद में उसकी मां सुधा ने दूसरी शादी कर ली और दूसरे पति के साथ रहने लगी, जबकि आदित्य अपने नाना नानी के पास ही रहता था. पिछले कुछ दिनों से मां और सौतेले पिता भी उसी घर में मौजूद थे.

सुबह सामने आया दर्दनाक सच

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह घर की कुछ महिलाएं दवा लेने के लिए राजस्थान चली गई थीं. उस समय घर में बच्चा, उसकी मां, सौतेले पिता और अन्य परिजन मौजूद थे. करीब दस बजे जब बच्चे की मां की नजर उस पर पड़ी तो वह बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा मिला. यह दृश्य देखकर घर में चीख पुकार मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई.

घर में मौजूद थे कई लोग

इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि वारदात के समय घर में कई लोग मौजूद थे. इसके बावजूद किसी को कोई आवाज सुनाई नहीं दी और न ही किसी को घटना की भनक लगी. इसी वजह से पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से लेकर जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि मामले की सच्चाई घर के अंदर मौजूद लोगों से जुड़ी हो सकती है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में घर में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश के संकेत नहीं मिले हैं. ऐसे में जांच का केंद्र फिलहाल परिवार के सदस्यों और घर में मौजूद लोगों पर है. सभी लोगों से अलग अलग पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के समय की गतिविधियों और परिस्थितियों को समझा जा सके. 

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं. शुरुआती आशंका है कि सोते समय किसी तेजधार हथियार से बच्चे का गला काटा गया. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के दौरान बच्चे का मुंह दबाया गया था या नहीं. फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है. पुलिस का कहना है कि जांच के हर पहलू को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा.