menu-icon
India Daily

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, देहरादून समेत 7 जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी

उत्तराखंड में आज से मौसम बदलने के संकेत हैं. देहरादून समेत सात जिलों में बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है. चलिए जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, देहरादून समेत 7 जिलों में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी
Courtesy: Pinterest

देहरादून: उत्तराखंड में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को आज कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने देहरादून समेत सात जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है. इसके साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है.

पिछले कई दिनों से देहरादून सहित राज्य के मैदानी क्षेत्रों में तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. वहीं पर्वतीय इलाकों में दिन के समय गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है. कुछ पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है, जिससे स्थानीय लोगों को राहत मिली है.

मौसम विज्ञान केंद्र ने क्या बताया?

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है.

दूसरी ओर हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है. इन क्षेत्रों में फिलहाल बारिश के कोई खास संकेत नहीं हैं. हालांकि तापमान में मामूली बदलाव देखने को मिल सकता है.

कल कैसा था मौसम?

रविवार को देहरादून में सुबह से तेज धूप रही. इसके चलते अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था. वहीं न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया. पर्वतीय जिलों में भी अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है. बादलों की आवाजाही और हल्की से मध्यम बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?  

मानसून को लेकर भी अच्छी खबर सामने आई है. मौसम विभाग के अनुसार 22 से 25 जून के बीच मानसून के उत्तराखंड पहुंचने की संभावना है. मानसून के प्रवेश के बाद राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं और गर्मी का असर कम होगा.

विभाग का अनुमान है कि 27 जून तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. इस दौरान कई जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.

Topics