menu-icon
India Daily

योगी सरकार का बड़ा कदम, फिरोजाबाद और अलीगढ़ को मिलने वाली है करोड़ों की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि फिरोजाबाद में 658 करोड़ रुपये की 81 और अलीगढ़ में 462 करोड़ रुपये की 85 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
योगी सरकार का बड़ा कदम, फिरोजाबाद और अलीगढ़ को मिलने वाली है करोड़ों की सौगात
Courtesy: Pinterest

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा है कि 'कांच के शहर' फिरोजाबाद और 'तालों के शहर' अलीगढ़ में विकास और जन-सशक्तिकरण के एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है.

मुख्यमंत्री के अनुसार फिरोजाबाद में 658 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 81 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. वहीं अलीगढ़ में 462 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 85 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा. इस तरह दोनों जिलों में कुल 166 विकास परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया जाएगा.

पात्र लाभार्थियों को कब मिलेंगी चाबियां?

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभ वितरित किया जाएगा. प्रधानमंत्री आवास योजना (Urban) के तहत पात्र लाभार्थियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी जाएंगी. इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, चेक और अन्य उपकरण भी वितरित किए जाएंगे.

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि विकास परियोजनाएं और लाभार्थियों के चेहरों पर मुस्कान ही 'नए उत्तर प्रदेश' की पहचान है. उन्होंने इसे प्रदेश के समग्र विकास और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया.

इन परियोजनाओं के जरिए बुनियादी ढांचे, नागरिक सुविधाओं और जनसेवाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे दोनों जिलों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है.