menu-icon
India Daily

पीएम मोदी की जींद रैली से पहले कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

गुरुग्राम के कई स्कूलों और मिनी सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल मिला है, जिसमें 17 जुलाई को जींद में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का भी जिक्र किया गया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
पीएम मोदी की जींद रैली से पहले कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
Courtesy: Pinterest

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में एक बार फिर बम की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. सोमवार को गुरुग्राम के कई प्रतिष्ठित स्कूलों और मिनी सचिवालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली. धमकी में 17 जुलाई को जींद में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली का भी जिक्र किया गया है. 

सूचना मिलते ही पुलिस बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया. धमकी मिलने वाले संस्थानों में एमिटी स्कूल, सालवान पब्लिक स्कूल, एयरफोर्स स्कूल और गुरुग्राम का मिनी सचिवालय शामिल हैं. 

क्या लिया गया एक्शन?

सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों से छात्रों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद एहतियात के तौर पर स्कूलों की छुट्टी कर दी गई और बच्चों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया.

जांच में क्या आया सामने?

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमकी भरा ई-मेल बांग्लादेश के आईपी एड्रेस से भेजा गया है. हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आईपी एड्रेस का स्रोत अंतिम निष्कर्ष नहीं होता और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही ई-मेल भेजने वाले की वास्तविक पहचान और स्थान की पुष्टि हो सकेगी. साइबर विशेषज्ञ पूरे मामले की गहन जांच कर रहे हैं.

क्या दी गई थी धमकी?

ई-मेल में गुरुग्राम के स्कूलों और मिनी सचिवालय के अलावा 17 जुलाई को जींद में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में बम विस्फोट करने की धमकी भी दी गई है. इसे देखते हुए गुरुग्राम और जींद दोनों जिलों की पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है. रैली स्थल और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है.

पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने सभी प्रभावित परिसरों में गहन तलाशी अभियान चलाया. शुरुआती जांच में किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है. इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियां कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है.

साइबर सेल ई-मेल के तकनीकी विवरण, सर्वर लॉग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है. साथ ही संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय किया जा रहा है.