नई दिल्ली: दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर में दो वॉन्टेड बदमाश घायल हो गए. दोनों आरोपी बवाना के एक बड़े बिजनेसमैन की हत्या के मामले में करीब एक महीने से फरार थे. पुलिस ने उन्हें घायल हालत में गिरफ्तार किया और उनके पास से हथियार बरामद किए.
पुलिस के मुताबिक आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की टीम को इन आरोपियों के इलाके में होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया और इलाके में निगरानी बढ़ा दी. सोमवार देर रात पुलिस टीम ने बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की.
जैसे ही पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, दोनों बदमाशों ने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की. कुछ ही सेकंड में दोनों तरफ से लगभग ग्यारह राउंड गोलियां चलीं. एनकाउंटर में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी.
घायल बदमाशों की पहचान मोहम्मद इरफान और ऐश्वर्या पांडे के तौर पर हुई है. पुलिस ने तुरंत उन्हें काबू में किया और इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा. एनकाउंटर के बाद पुलिस को मौके से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल मिली.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपी बवाना इलाके में एक बिजनेसमैन की हत्या के मामले में वॉन्टेड थे. यह मामला हाल ही में चर्चा में रहा था और पुलिस लंबे समय से उनकी तलाश कर रही थी. हत्या के बाद से दोनों आरोपी फरार थे.
जांच में यह भी पता चला है कि इस हत्या के तार विदेश में बैठे कुछ गैंगस्टर से जुड़े हो सकते हैं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस मामले में गैंगस्टर रणदीप मलिक और अनिल पंडित के नाम भी सामने आए हैं. बताया जा रहा है कि बिजनेसमैन की हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए ली गई थी.
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश कैसे रची गई और इसमें किन-किन लोगों का हाथ था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों का किसी और क्राइम से कोई लिंक है. अधिकारियों का कहना है कि घायल संदिग्धों से पूछताछ में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं. पुलिस अभी दोनों अपराधियों के नेटवर्क और कनेक्शन की जांच कर रही है.