नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के नांगलोई इलाके में सोमवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई. इस हादसे से इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साई भीड़ ने एक DTC बस में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक बस नांगलोई इलाके से गुजर रही थी, तभी उसने सबसे पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह डैमेज हो गया और उसमें बैठे लोग सड़क पर गिर गए.
#WATCH | Delhi | The DTC bus involved in an accident, which resulted in the death of two people, is being towed away from the site of the incident in Nangloi pic.twitter.com/npUMydDR4M
— ANI (@ANI) March 9, 2026
बस वहीं नहीं रुकी बल्कि सड़क किनारे खड़ी कई दूसरी गाड़ियों को टक्कर मारती रही. अचानक हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई. दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने टक्कर के बाद के हालात के बारे में बताया. घायलों को तुरंत नजदीकी के अस्पताल ले जाया गया.
जैसे ही हादसे की खबर फैली इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई. मौतों की खबर सुनकर लोकल लोग भड़क गए. गुस्साई भीड़ ने DTC बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी. सोशल मीडिया पर वीडियो में बस से आग की लपटें उठती दिख रही थीं और उसके चारों ओर धुएं का घना बादल था.
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने हालात को काबू करने और भीड़ को हटाने की कोशिश की. काफी कोशिश के बाद बस में लगी आग पर काबू पाया गया.
मरने वालों के शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे के वजह की जांच की जा रही है. पुलिस आस-पास के CCTV कैमरों की फुटेज भी देख रही है ताकि यह पता चल सके कि हादसा किस वजह से हुआ. वे यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या बस ड्राइवर की लापरवाही थी.