'मुझे बचा लो...', मलबे के नीचे दबे छात्र ने दोस्त को किया वीडियो कॉल, सत्य निकेतन हादसे का खौफनाक वीडियो

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत गिरने के बाद मलबे में फंसे एक छात्र का एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में धूल और खून से लथपथ छात्र ने मलबे के बीच से फोन उठाकर अपने दोस्त को वीडियो कॉल कर मदद मांगता नजर आ रहा है.

ANI
Shanu Sharma

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला बिल्डिंग गिरने के बाद मलबे में फंसे एक छात्र ने फोन से दोस्त को अपनी स्थिति दिखाई और मदद की गुहार लगाई. इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बचाव दल लगातार मलबे में फंसे लोगों की तलाश करने में जुटे हैं.

मलबे में फंसे छात्र का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह मलबे के बीच में धूल और खून से लथपथ नजर आ रहा है. इस दौरान वह अपने दोस्त को कॉल करता है उससे मदद की गुहार लगाता है.

मलबे के नीचे फंसा था छात्र

सत्य निकेतन में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे PG की पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई. हादसे के बाद चारों तरफ मलबा फैल गया और कई छात्र उसके नीचे दब गए. इसी दौरान मलबे में फंसे एक छात्र ने हिम्मत दिखाई और अपना फोन निकालकर दोस्त को वीडियो कॉल की. कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI ने सोशल मीडिया पर 11 सेकंड का यह वीडियो साझा किया है. वीडियो में छात्र के चेहरे पर धूल और खून के निशान दिखाई दे रहे हैं. वह बेहद तंग जगह में फंसा हुआ है और धीरे-धीरे फोन का कैमरा घुमाकर आसपास का मलबा दिखाता है.


40 से 50 छात्र थे मौजूद

बताया जा रहा है कि हादसे के समय इमारत में करीब 40 से 50 छात्र मौजूद थे. करीब 50 साल पुरानी इस इमारत का इस्तेमाल लड़कों के PG के रूप में किया जा रहा था. इसमें करीब 15 कमरे थे और प्रत्येक कमरे में दो से तीन छात्र रहते थे. स्थानीय लोगों के अनुसार यहां रहने वाले अधिकतर छात्र केरल, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से थे. इनमें मोतीलाल नेहरू कॉलेज, आत्माराम सनातन धर्म कॉलेज और श्री वेंकटेश्वर कॉलेज के छात्र भी शामिल थे.

इमारत गिरने की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है. पुलिस के अनुसार हादसे के समय ग्राउंड फ्लोर पर नवीनीकरण का काम चल रहा था. स्थानीय लोगों ने बेसमेंट में भी मरम्मत या निर्माण कार्य होने का दावा किया है. अब तक 11 लोगों को बचाया जा चुका है और 10 घायलों को AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया.