पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा 'सेवा संकल्प' अभियान, करोड़ों की परियोजनाओं का होगा उद्घाटन-शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से दिल्ली में एक महीने का 'सेवा संकल्प' अभियान शुरू होगा. दिल्ली भाजपा और दिल्ली सरकार की ओर से चलाए जाने वाले इस अभियान के दौरान जनसेवा से जुड़े कई कार्यक्रम होंगे.

ANI
Shanu Sharma

दिल्ली भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प’ अभियान की रूपरेखा साझा की. उन्होंने बताया कि अभियान के जरिए केंद्र और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाई जाएगी. साथ ही पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में भी काम किया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह पहल केवल भाजपा संगठन या उसके कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं रहेगी. अभियान में योजनाओं के लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.

17 सितंबर को रक्तदान से लेकर स्वास्थ्य जांच तक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर को दिल्ली में विशेष रक्तदान अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान एक दिन में 2,500 यूनिट रक्त एकत्र करने का लक्ष्य रखा गया है. वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. सामाजिक कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 25 हजार बुजुर्गों की जांच के लिए शिविर लगाए जाएंगे.


अंगदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए दिल्ली में स्टेट आर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट आर्गनाइजेशन यानी SOTO का आधिकारिक मंच तैयार किया गया है. सेवा संकल्प अभियान के दौरान इसकी शुरुआत की जाएगी. इसका मकसद लोगों को अंगदान के महत्व से परिचित कराना और उन्हें इस मुहिम से जुड़ने के लिए प्रेरित करना है.

यमुना परियोजनाओं और स्वच्छता अभियान पर जोर

अभियान के तहत यमुना की सफाई से जुड़ी करीब 8 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. इसके अलावा यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के लिए सरकार की आगामी योजनाओं की जानकारी भी जनता के साथ साझा की जाएगी. राजधानी के अलग-अलग वार्डों और विधानसभा क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की भी तैयारी है. पर्यावरण विभाग के 70 लाख पौधे लगाने के लक्ष्य के तहत वार्ड स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम होंगे.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने दी जानकारी

मेरे सपनों का भारत विषय को केंद्र में रखकर स्कूली विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग, भाषण और रील प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक के सफर में उन्होंने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ को अपनी कार्यशैली का आधार बनाया.