दिल्ली-NCR में बारिश बनी आफत, जलभराव से थमी रफ्तार; IMD ने आज के लिए भी दी चेतावनी
लगातार हो रही बारिश ने दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत पूरे एनसीआर की रफ्तार धीमी कर दी है. सड़कों पर जलभराव, लंबा जाम और घंटों तक फंसे लोग परेशानी झेल रहे हैं. मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
राजधानी दिल्ली और उससे सटे एनसीआर के शहरों में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. दिल्ली के साथ गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. जहां एक ओर बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं दूसरी ओर रोजमर्रा की जिंदगी अस्त व्यस्त हो गई है. कार्यालय जाने वाले लोगों को लंबा जाम, धीमा यातायात और जलभराव का सामना करना पड़ा.
मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए भी राहत के संकेत नहीं दिए हैं. विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी करते हुए गरज चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है. कुछ इलाकों के लिए अधिक सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है.
साइबर सिटी में जलभराव की गंभीर स्थिति
साइबर सिटी गुरुग्राम में हर वर्ष की तरह इस बार भी बारिश के बाद जलभराव की गंभीर स्थिति देखने को मिली. पिछले 33 घंटों में शहर में 115 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिसमें मंगलवार को 83 मिलीमीटर और बुधवार को 32 मिलीमीटर बारिश हुई. दिल्ली जयपुर राजमार्ग की सर्विस लेन, नरसिंहपुर, बसई, कादीपुर, सोहना रोड, पटौदी रोड, सेक्टर 31, सेक्टर 39, शीतला माता मंदिर मार्ग और उमंग भारद्वाज चौक समेत कई इलाकों में पानी भर गया. कई वाहन बीच सड़क में बंद हो गए, जिससे लंबा जाम लग गया. देर रात दफ्तर से लौटने वाले कई लोगों को घर पहुंचने में पांच से छह घंटे तक का समय लग गया.
Also Read
दिल्ली और नोएडा में यातायात प्रभावित
दिल्ली के आईटीओ, रिंग रोड, नजफगढ़ और अन्य निचले इलाकों में भारी जलभराव देखा गया. वहीं नोएडा की फिल्म सिटी और आसपास की सड़कों पर भी पानी जमा होने से यातायात प्रभावित रहा. गाजियाबाद और फरीदाबाद के कई इलाकों में भी लोगों को जलभराव के कारण परेशानी उठानी पड़ी. मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई की सुबह तक पूसा में 66 मिलीमीटर, लोधी रोड में 65 मिलीमीटर, महरौली में 63 मिलीमीटर, मयूर विहार में 57 मिलीमीटर, छतरपुर में 47 मिलीमीटर, नारायणा और नजफगढ़ में 42-42 मिलीमीटर तथा जनकपुरी और प्रगति मैदान में 34-34 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार 9 जुलाई को भी दिल्ली एनसीआर में गरज चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है.