menu-icon
India Daily

सुबह हो या शाम पब्लिक से खचाखच भरा रहता है दिल्ली मेट्रो का ये स्टेशन, वीडियो शेयर कर DMRC पर जमकर भड़के लोग

दिल्ली मेट्रो का हौज खास स्टेशन सोमवार को एक बार फिर भारी भीड़ और अव्यवस्था का केंद्र बन गया. येलो और मैजेंटा लाइन के इस अहम इंटरचेंज पर यात्रियों को चलने तक की जगह नहीं मिली, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए. यात्रियों ने DMRC से भीड़ नियंत्रण के बेहतर उपायों की मांग की.

Yogita Tyagi
Edited By: Yogita Tyagi
सुबह हो या शाम पब्लिक से खचाखच भरा रहता है दिल्ली मेट्रो का ये स्टेशन, वीडियो शेयर कर DMRC पर जमकर भड़के लोग
Courtesy: X\@sone_do_mujhe

दिल्ली मेट्रो का हौज खास स्टेशन एक बार फिर सोमवार को चरम समय में अफरा-तफरी का केंद्र बन गया. यात्रियों ने सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म और गलियारों की खचाखच भीड़ की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए, जिनमें लोगों को चलने तक की जगह नहीं दिख रही थी. स्टेशन पर हर ओर भीड़ का सैलाब था, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

हौज़ खास मेट्रो स्टेशन येलो और मैजेंटा लाइन का एक अहम इंटरचेंज है, जो आईआईटी दिल्ली, हौज खास एन्क्लेव, सर्वप्रिय विहार और आरबीआई कॉलोनी जैसे इलाकों को जोड़ता है. यह स्टेशन हमेशा से व्यस्त समय में यात्रियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन सोमवार को स्थिति और भी भयावह हो गई. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कई यूजर्स ने इस भीड़भाड़ की तस्वीरें साझा करते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) से तत्काल प्रभावी भीड़ प्रबंधन उपाय अपनाने की मांग की.

लोगों ने शेयर की तस्वीर 

एक यूजर ने येलो लाइन के प्लेटफॉर्म की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "हौज खास मेट्रो स्टेशन पर व्यस्त समय में रोज़ अफरा-तफरी रहती है. लोग अंदर जाने और बाहर निकलने के लिए जूझ रहे हैं. @OfficialDMRC को बेहतर भीड़ प्रबंधन करना चाहिए." वहीं एक अन्य यूज़र ने नाराजगी जताते हुए लिखा, "हौज़ खास - कॉर्पोरेट कर्मचारियों का लेबर चौक बन गया है."

भीड़ का एक वीडियो भी हुआ वायरल 

एक और पोस्ट में एक यूजर ने दिल्ली-एनसीआर की ट्रैफिक और मेट्रो की भीड़ को जोड़ते हुए सरकार की 'कार्यालय वापसी' नीतियों पर सवाल उठाया. उन्होंने लिखा, "हौज खास स्टेशन पर भीड़। एंबियंस मॉल, गुड़गांव के पास ट्रैफिक जाम. और सरकार अभी भी दफ्तर लौटने पर जोर दे रही है." भीड़ का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें स्टेशन का निकास द्वार जाम दिखाई दिया. यूजर ने लिखा, "हौज खास में इतनी भीड़ कभी नहीं देखी। कोई हलचल तक नहीं थी."

हौज खास स्टेशन पर भीड़भाड़ की समस्या 

गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें यात्री कतारों में सही ढंग से चलते दिखे थे और पीए सिस्टम से नियंत्रण बनाए रखने की अपील की जा रही थी. इस वीडियो को किरण नाम की एक यात्री ने 21 जुलाई को रिकॉर्ड किया था. उस समय सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने इसे एक दुर्लभ घटना बताया, जबकि कुछ ने इसे बेहतर प्रबंधन का उदाहरण माना. फिलहाल हौज खास स्टेशन पर भीड़भाड़ की समस्या बनी हुई है, लेकिन यात्री अब चुप नहीं हैं. वे सोशल मीडिया के जरिए अपनी आवाज उठा रहे हैं और DMRC से ठोस कदम की मांग कर रहे हैं.